नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली की हर एक विधानसभा सीट पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। संगम विहार विधानसभा आम आदमी पार्टी का गढ़ बन चुकी है। 2013 से इस सीट पर आप का कब्जा है। इस बार भाजपा ने चंदन कुमार चौधरी को उम्मीदवार बनाया है, कांग्रेस ने हर्ष चौधरी को टिकट दिया है, वहीं आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर दिनेश मोहनिया पर दांव लगाया है। ऐसे में संगम विहार सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है।
संगम विहार विधानसभा का सियासी मिजाज
संगम विहार विधानसभा सीट 2008 में अस्तित्व में आई थी। इस सीट पर पिछले 3 चुनावों से आम आदमी पार्टी का कब्जा है। 2008 में भाजपा के शिव चरण लाल गुप्ता संगम विहार से विधायक बने थे। 2013 से आम आदमी पार्टी के दिनेश मोहनिया इस सीट से विधायक हैं। भाजपा एक बार फिर संगम विहार सीट पर जीत हासिल करने के लिए पूरा जोर लगा रही है। वहीं कांग्रेस भी इस सीट पर खाता खोलना चाहती है।
संगम विहार के चुनावी मुद्दे?
संगम विहार में विकास बड़ा मुद्दा है। दरअसल, ये ऐसा इलाका है जहां विकास का हमेशा से ही अभाव रहा है। यहां के लोग अक्सर पानी की कमी से जूझते हैं। इसके साथ ही टूटी सड़कें, गंदगी, जलभराव और ट्रैफिक की समस्या भी संगम विहार के लोग परेशान हैं। संगम विहार में पूर्वांचल के लोग बड़ी तादाद में रहते हैं। विकास के मुद्दों के अलावा जातिगत फैक्टर भी चुनावी नतीजों पर असर डालते हैं। ऐसे में देखना होगा कि जनता क्या एक बार फिर आप के मौजूदा विधायक पर भरोसा जताएगा या फिर भाजपा और कांग्रेस के नए दावेदारों को मौका देगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव
दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के लिए सियासी दलों के बीच रस्सा-कस्सी का सिलसिला जारी है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी को मतदान किया जाएगा, वहीं 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। सभी पार्टियां जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में जुटी हुई हैं। अब देखना होगा कि कौन ये बाजी जीतता है।