नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Arvind Kejriwal Statement: दिल्ली विधानसभा चुनाव के चलते सियासी दलों के बीच जुबानी जंग का सिलसिला जारी है। आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के एक बयान ने सियासी हलकों में सरगर्मी पैदा कर दी है। केजरीवाल ने दिल्ली की पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता शीला दीक्षित की जमकर तारीफ की है। आपको बता दें कि शीला दीक्षित वही नेता हैं, जिनके खिलाफ अभियान छेड़कर अरविंद केजरीवाल ने सियासत में कदम रखा था। अब ऐसे में केजरीवाल के बयान के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने शीला दीक्षित की तारीफ करते हुए कहा कि वह अच्छी लेडी थीं, शरीफ लेडी थीं, शराफत से चुनाव लड़ती थीं।
शीला दीक्षित की तारीफों के पुलिंदे बांध रहे केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 2013 में इसी सीट से पूर्व सीएम शीला दीक्षित को हराकर वे सत्ता में आए थे। इस दौरान उन्होंने दीक्षित के खिलाफ मोर्चा खोला था और उनके ऊपर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए थे। अब केजरीवाल शीला दीक्षित की तारीफों के पुलिंदे बांध रहे हैं। केजरीवाल का बयान सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी आन पड़ी कि अरविंद केजरीवाल को शीला दीक्षित की तारीफ करना पड़ा।
ये भी पढ़ें: Delhi Election 2025: केजरीवाल की कार पर पथराव, भाजपा का आरोप- हमारे दो कार्यकर्ताओं को टक्कर मारी
केजरीवाल ने क्यों की शीला दीक्षित की तारीफ?
नई दिल्ली सीट पर अरविंद केजरीवाल का मुकाबला भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित के साथ है। शनिवार को केजरीवाल ने वर्मा के ऊपर हमला करवाने के आरोप लगाए थे। प्रवेश वर्मा की आलोचना करते हुए अरविंद केजरीवाल ने पूर्व सीएम शीला दीक्षित की तारीफ की है। उन्होंने नई दिल्ली विधानसभा के संदर्भ में कहा, "यहां शरीफ लोग रहते हैं, पढ़े लिखे लोग रहते हैं, सभ्य लोग रहते हैं, शांतिप्रिय लोग रहते हैं। मेरे से पहले शीला जी चुनाव लड़ती थीं, वह भी अच्छी लेडी थीं, शरीफ लेडी थीं, शराफत से चुनाव लड़ती थीं। " केजरीवाल का ये बयान प्रवेश वर्मा पर कटाक्ष माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Saif Attack: सैफ पर हमला करने वाला मुख्य आरोपी ठाणे से गिरफ्तार, पब में करता था काम