/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/16/E9Ku4kzX7hTpRS9bXsO8.jpg)
दिल्ली में यमुना नदी की सफाई का मुद्दा लंबे समय चर्चाओं में हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भी यमुना नदी पर सियासत गरमाई रही। भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी यमुना नदी की गंदगी को लेकर एक-दूसरे के ऊपर आरोप गढ़ती रही हैं। भाजपा ने दिल्ली की सत्ता में आने पर यमुना को साफ करने का वादा किया था। दिल्ली की सत्ता में भाजपा आ गई है, लेकिन अभी तक सरकार का गठन नहीं हुआ है। सरकार गठन से पहले ही यमुना की सफाई का काम शुरू हो गया है, इसकी तस्वीरें भी सामने आयीं हैं।
यमुना का सफाई अभियान शुरू
दिल्ली में सरकार गठन से पहले ही यमुना नदी का सफाई अभियान शुरू हो गया है। उपराज्यपाल की तरफ से ये जानकारी दी गई है। दिल्ली के उपराज्यपाल कार्यालय ने कहा, "यमुना नदी की सफाई का काम पहले ही शुरू हो चुका है। कचरा निकालने वाली मशीनें, खरपतवार निकालने वाली मशीनें और ड्रेज यूटिलिटी क्राफ्ट आज से नदी में सफाई अभियान शुरू कर चुके हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कल मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव से मुलाकात की और उन्हें तुरंत काम शुरू करने को कहा।"
#WATCH | Delhi Lt Governor Office says, "Works on cleaning river Yamuna have already begun with trash skimmers, weed harvesters and a dredge utility craft already starting cleaning operations in the river today. Delhi LG VK Saxena yesterday met the Chief Secretary and ACS (I&FC)… pic.twitter.com/aNY5FiuInr
— ANI (@ANI) February 16, 2025
यह भी पढ़ें: Delhi CM: दिल्ली में 2 डिप्टी सीएम बना सकती है भाजपा, क्या है पार्टी का 'मिनी इंडिया' प्लान?
यमुना सफाई के लिए रणनीति
दिल्ली के उपराज्यपाल कार्यालय के मुताबिक यमुना नदी की सफाई के लिए चार-आयामी रणनीति बनाई गई है....
1. सबसे पहले, यमुना नदी की धारा में मौजूद कचरा, कूड़ा और गाद को हटाया जाएगा।
2. साथ ही नजफगढ़ नाले, पूरक नाले और अन्य सभी प्रमुख नालों में सफाई अभियान शुरू किया जाएगा।
3. साथ ही, मौजूदा एसटीपी की क्षमता और आउटपुट के संदर्भ में दैनिक निगरानी रखी जाएगी।
4. लगभग 400 एमजीडी सीवर के उपचार की वास्तविक कमी को पूरा करने के लिए नए एसटीपी/डीएसटीपी आदि के निर्माण के संदर्भ में एक समयबद्ध योजना बनाई जाएगी और उसे चालू किया जाएगा।
पहली कैबिनेट बैठक में यमुना रिवर फ्रंट को मंजूरी
भाजपा मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन कर रही है। अभी तक मंत्रिमंडल गठन पर भी फैसला नहीं हो पाया है। सूत्रों के मुताबिक, 19-20 फरवरी को दिल्ली के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण कार्यक्रम हो सकता है। भाजपा सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई थी कि दिल्ली में सरकार गठन के बाद कैबिनेट की पहली बैठक में ही यमुना रिवर फ्रंट को मंजूरी दी जाएगी और यमुना की सफाई का काम शुरू किया जाएगा। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले दिल्ली के यमुना घाट पर आरती भी की गई थी। भाजपा ने यमुना को गंगा की तरह साफ करने का ऐलान किया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटों पर जीत हासिल की है, वहीं आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर सिमटकर रह गई है। इस तरह 27 सालों बाद भाजपा दिल्ली की सत्ता में वापस आई है। आपको बता दें कि दिल्ली चुनाव के दौरान भाजपा ने यमुना सफाई का मुद्दा जोर-शोर से उठाया था।
यह भी पढ़ें: Delhi Election Result: सत्ता पाने के बाद भाजपा के सामने हैं अब ये हैं 5 बड़ी चुनौतियां