नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Delhi Election Result: दिल्ली के चुनावी नतीजे आने के बाद राजधानी में भाजपा (BJP) की सरकार बनना तय हो गया है। दमदार प्रचार अभियान, चुनावी वादों और आम आदमी पार्टी के खिलाफ एंटी इंकमबेंसी के दम पर ढाई दशक के बाद दिल्ली की सत्ता में भाजपा की वापसी हुई है। भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है। सत्ता की चाबी मिल गई है, लेकिन जीत के बाद भाजपा के सामने कई चुनौतियां हैं।
प्रदूषण की समस्या
दिल्ली में प्रदूषण की समस्या बहुत गंभीर है। खासतौर से ठंड के दिनों में राजधानी में प्रदूषण काफी बढ़ जाता है और लोगों का सांस लेना भी मुहाल हो जाता है। आम आदमी पार्टी आस-पास के राज्यों पर पराली जलाने के आरोप लगाती रही है और प्रदूषण को लेकर भाजपा सरकार को दोषी बताती रही है। अब भाजपा सत्ता में है, ऐसे में देखना होगा कि भाजपा प्रदूषण से निपटने के लिए क्या कदम उठाती है।
यह भी पढ़ें: Delhi Election Results 2025: उत्तराखंड के दो लाल, जिन्होंने भाजपा को हारी बाजी जिताई
यमुना की सफाई
यमुना नदी की सफाई, दिल्ली का बड़ा मुद्दा है। भाजपा आम आदमी पार्टी पर यमुना को दूषित करने के आरोप लगाती रही है। केजरीवाल ने जीतने के बाद यमुना की सफाई का वादा किया था, अब भाजपा के सामने नदी को गंदगी से मुक्त करना बड़ी चुनौती है। भाजपा के दिल्ली चुनाव प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि सरकार का गठन होते ही सबसे पहले कैबिनेट यमुना की सफाई का काम करेगी।
लॉ एंड ऑर्डर
दिल्ली में लॉ एंड ऑर्डर का हाल ऐसा है कि कई बार लोग इसे जुर्म की राजधानी की संज्ञा देते हैं। ऐसे में नवनिर्मित भाजपा सरकार के सामने कानून व्यवस्था को संभालना बड़ी चुनौती है। फिलहाल दिल्ली पुलिस पर केंद्र सरकार का नियंत्रण है, अब दोनों ही जगह पर भाजपा की सरकार है। ऐसे में देखना होगा कि लॉ एंड ऑर्डर में कितना सुधार होता है।
यह भी पढ़ें: Delhi Election Result: ढाई दशक बाद कैसे खिला दिल्ली में कमल? जानें भाजपा की जीत के 10 कारण
बेरोजगारी से निपटना
बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा, आम आदमी पार्टी को घेरती रही है। दिल्ली के युवाओं के लिए बेरोजगारी बड़ी समस्या है। भाजपा ने 50 हजार नई नौकरियां देने का वादा किया है। अब भाजपा के सामने नई नौकरियां पैदा करना और बेरोजगारी दूर करना बड़ी चुनौती है।
दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाना
दिल्ली केंद्र शासित प्रदेश है। आम आदमी पार्टी दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग करती आई है, लेकिन केंद्र सरकार ने अब तक दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा नहीं दिया है। भाजपा ने सत्ता में आने के बाद दिल्ली की पूर्ण राज्य बनाने की बात कही थी, अब देखना होगा कि पार्टी अपने वादे पर कामय रहती है या नहीं।
यह भी पढ़ें: Delhi Election Results 2025: भाजपा के लिए बड़ा सवाल – कौन बनेगा मुख्यमंत्री , इन 7 दिग्गजों पर नजरें