नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी का स्वास्थ्य शनिवार को अचानक बिगड़ जाने के बाद उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सा जांच के बाद सोनिया वहां से रवाना हो गईं। बताया जा रहा है कि डॉक्टरों ने ईसीजी और एमआरआई जांच कीं।
सोमवार से शिमला में बेटी के घर ठहरी हैं कांग्रेस की नेता
सोनिया गांधी बीते सोमवार को अपनी छुट्टियां बिताने के लिए शिमला पहुंची थीं। वह अपनी बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के छराबड़ा स्थित निजी आवास में ठहरी हुई हैं।
सोनिया की तबियत की खबर मिलते ही हलचल बढ़ी
इस घटनाक्रम के बाद शिमला में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना खुद अस्पताल पहुंचे और सोनिया गांधी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने कहा कि उन्हें ‘मामूली समस्याओं’ के कारण नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया है।
अस्पताल ने कहा, नियमित जांच की गई
बाद में आईजीएमसी और अस्पताल, शिमला के चिकित्सा अधीक्षक द्वारा जारी प्रेस बयान में बताया गया है कि सोनिया गांधी आज नियमित चिकित्सा जांच के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज, शिमला आईं। सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया गया। नियमित जांच के बाद वह अस्पताल से चली गईं।
चार-पांच वर्षों में कई बार बीमार हो चुकी हैं सोनिया गांधी
पिछले चार-पांच वर्षों में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की तबीयत कई बार खराब हुई है और उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। सोनिया गांधी लंबे समय से श्वसन संबंधी समस्याओं और पोस्ट-कोविड जटिलताओं से पीड़ित रही हैं। साल 2022 में उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में सांस लेने में तकलीफ और वायरल फीवर के चलते भर्ती कराया गया था। इसके बाद जून 2022 में कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें दोबारा भर्ती कराना पड़ा। सितंबर 2022 में भी उन्हें स्वास्थ्य कारणों से दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।