नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। RCB की विक्ट्री परेड से पहले बेंगलुरु स्थित चिन्नास्वामी स्टेडियम में मची भगदड़ को लेकर जहां कांग्रेस रक्षात्मक मुद्रा में नजर आ रही है, वहीं भाजपा ने राज्य की कांग्रेस सरकार की घेराबंदी कर रही है। भाजपा ने इस घटना के लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने राज्य सरकार से जिम्मेदारी लेने की मांग की
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा, 'राज्य सरकार को इस त्रासदी की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जब पूरा देश और कर्नाटक RCB की जीत का जश्न मना रहा था, तब राज्य सरकार ने बिना किसी पूर्व तैयारी के विजय रैली निकालने की अनुमति दे दी।
जी किशन रेड्डी ने कहा, कर्नाटक सरकार की असफलता
केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने बेंगलुरु में हुई भगदड़ की घटना पर कहा, "यह कर्नाटक सरकार की असफलता है। सभी को पता था कि आज IPL के बहुत सारे फैंस वहां जाएंगे लेकिन इसके बाद भी वहां कोई अच्छी सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन नहीं था।
भाजपा प्रवक्ता ने घटना को राज्य प्रायोजित हत्या कहा
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, 'बेंगलुरू में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में लोगों की मौत राज्य प्रायोजित हत्या है। यह राज्य प्रोत्साहित हत्या है। पुलिस का बंदोबस्त कहां था? एक तरफ लोगों की मौत हो रही थी और दूसरी तरफ जश्न चलता रहा। एंबुलेंस भी नहीं थी। सामान्य व्यवस्थाएं भी नहीं थी। यह मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री के स्तर पर बहुत बड़ी चुक हुई है। उनका तुरंत प्रभाव से इस्तीफा होना चाहिए।'
कैबिनेट बैठक को छोड़कर सभी कार्यक्रम स्थगित
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि कल कैबिनेट बैठक को छोड़कर सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। विश्व पर्यावरण दिवस सहित कोई भी समारोह नहीं होगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा, 'मैंने पुलिस कमिश्नर से बात की और मैं अस्पताल जा रहा हूं। अभी तक पीडि़तों की संख्या के बारे में हमें जानकारी नहीं है। हम सभी से शांत रहने का निवेदन करते हैं।' भाजपा के आरोपों पर शिवकुमार ने कहा, 'वे आरोप लगाने के लिए वहां हैं और हम सुरक्षा के लिए वहां हैं।
BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने राजनीति नहीं करने की अपील की
BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सभी पक्षों से राजनीति नहीं करने की अपील की है। शुक्ला ने कहा, "कर्नाटक सरकार ने भगदड़ से बचने के लिए रोड शो बंद किया था। लेकिन यह अनुमान नहीं था कि स्टेडियम के बाहर ऐसा हो जाएगा। राजनीति नहीं होनी चाहिए। सभी को मिलकर डैमेज कंट्रोल करना चाहिए।