नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। महाराष्ट्र से हैरान करने वाली खबर सामने आयी है, जहां ड्यूटी आवर खत्म होने पर पायलट ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) का विमान उड़ाने से इनकार कर दिया। पायलट की वजह से उप मुख्यमंत्री शिंदे को काफी देर तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। दरअसल, शुक्रवार को डिप्टी सीएम शिंदे जलगांव पहुंचे थे। वहां से वे कई अन्य जगहों पर गए। जब शिंदे मुंबई वापसी के लिए जलगांव एयरपोर्ट पटहुंचे तो पायलट ने ड्यूटी आवर खत्म होने का हवाला देते हुए विमान उड़ाने से मना कर दिया।
मंत्रियों ने की हाथाजोड़ी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिंदे का विमान शुक्रवार को दोपहर 3:45 बजे जलगांव एयरपोर्ट पहुंचने वाला था, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के चलते यह शाम 6:15 बजे पहुंचा। लैंडिंग के बाद वे सड़क मार्ग से मुक्ताईनगर गए, जहां उन्होंने धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया। जब शिंदे रात 9:15 बजे वापस एयरपोर्ट लौटे तो विमान के पायलट की शिफ्ट खत्म हो चुकी थी और उसने उड़ान भरने से इनकार कर दिया। इसके बाद मंत्री गिरीश महाजन, गुलाबराव पाटील और अन्य अधिकारियों ने पायलट को समझाने का प्रयास किया। करीब 45 मिनट की बातचीत के बाद पायलट उड़ान भरने के लिए राज़ी हो गया।
एक मरीज को मिला जीवनदान
इस पूरी देरी ने एक और अप्रत्याशित मोड़ ले लिया। किडनी रोग से जूझ रही शीतल पाटील को इलाज के लिए मुंबई जाना था, लेकिन उनका निर्धारित विमान उड़ चुका था। जब यह जानकारी मंत्री गिरीश महाजन को मिली, तो उन्होंने तुरंत शीतल और उनके पति के लिए विशेष व्यवस्था करवाई। शीतल को एकनाथ शिंदे के साथ उसी विमान में मुंबई भेजा गया। वहां पहुंचते ही उनके लिए एंबुलेंस भी पहले से तैयार थी।
‘संवेदनशीलता ही है असली नेतृत्व’
गुलाबराव पाटील ने इस घटना पर टिप्पणी करते हुए कहा, “एकनाथ शिंदे आज भी अपने संघर्ष के दिन नहीं भूले हैं। उनकी आम जनता के प्रति संवेदनशीलता ने एक बहुमूल्य जीवन को बचा लिया।” maharashtra news