नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। मोदी सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल को भारतीय जनता पार्टी (BJP) "स्वर्णिम युग" बता रही है, वहीं कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने सोमवार को मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 11 सालों में लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने को गहरा नुकसान पहुंचा है।
संविधान के हर पन्ने पर तानाशाही की स्याही पोती
खरगे ने लिखा, “सरकार ने संविधान के हर पन्ने पर तानाशाही की स्याही पोती है। भाजपा-आरएसएस ने हर संवैधानिक संस्था की स्वायत्तता पर हमला कर उसे कमजोर कर दिया है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र ने राज्यों के अधिकारों की अनदेखी कर संघीय ढांचे को कमजोर किया और लोकतांत्रिक मूल्यों की अवहेलना की।
"घृणा और भय का माहौल बन रहा है"- खरगे
कांग्रेस प्रमुख ने यह भी कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में लगातार "घृणा, धमकी और भय" का वातावरण बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों और कमजोर तबकों का शोषण बढ़ा है, और उन्हें आरक्षण तथा समान अधिकारों से वंचित करने की कोशिशें जारी हैं।
बेरोजगारी-महंगाई पर घेरा
मणिपुर में जारी हिंसा को उन्होंने भाजपा की "प्रशासनिक विफलता" करार दिया। खरगे ने आर्थिक मोर्चे पर भी मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जीडीपी की वृद्धि दर संप्रग सरकार के समय 8 प्रतिशत थी, जबकि अब यह 5–6 प्रतिशत पर सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी, त्रुटिपूर्ण जीएसटी और बिना योजना के लॉकडाउन ने असंगठित क्षेत्र को तबाह कर दिया। युवाओं को लेकर किए वादों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, “दो करोड़ नौकरियों का वादा कर युवाओं से करोड़ों रोजगार छीने गए हैं।” उन्होंने दावा किया कि सार्वजनिक बचत 50 वर्षों में सबसे निचले स्तर पर है और आर्थिक असमानता 100 वर्षों में सबसे ज्यादा हो गई है।
"सिर्फ रिबन काटे गए" -खरगे
खरगे ने सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं जैसे- मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, नमामि गंगे और 100 स्मार्ट सिटी मिशन को विफल बताते हुए कहा कि केवल कांग्रेस-यूपीए के समय बने बुनियादी ढांचे का उद्घाटन कर श्रेय लिया गया है।
politics | pm modi | congress mallikarjun kharge