नई दिल्ली, वाईबीएन न्यूज। समाजवादी पार्टी (SP) की सांसद इकरा हसन ने शनिवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने सरकार पर विरोध को दबाने और लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया। इकरा हसन का यह बयान समाजवादी पार्टी की बरेली जाने वाली टीम को उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा गाजीपुर सीमा पर रोक दिए जाने के बाद आया है। इकरा हसन ने कहा- सरकार हमें कितनी बार रोकेगी, हम बार- बार अपने लोगों का दुख दर्द बांटने जाएंगे और उनकी हिमायत करेंगे। सपा सांसद ने यहां तक कहा कि इस सरकार के आगे हम घुटने नहीं टेकेंगे, यह सरकार गैर संवैधानिक रूप से चल रही है।
इकरा बोलीं- प्रशासन कर रहा दमन
उत्तर प्रदेश की कैराना सीट से सांसद इकरा हसन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रशासन नागरिकों तथा उनके प्रतिनिधियों की आवाज और स्वतंत्रता को रोक रहा है। उन्होंने कहा- जहां कोई अपने अधिकारों की बात करता है, वहां सरकार इसी तरह का व्यवहार करती है। लद्दाख इसका उदाहरण है और बरेली भी। संभल में भी हमें जाने से रोका गया, और अब बरेली मामले में भी ऐसा किया जा रहा है।
प्रशासनिक शक्ति के दुरुपयोग तानाशाही का संकेत
इकरा हसन ने प्रशासनिक शक्ति के कथित दुरुपयोग की निंदा करते हुए इसे "तानाशाही का संकेत" बताया। उन्होंने कहा- कोई कानून नहीं है जो किसी प्रतिनिधि या नागरिक को किसी जगह जाने से रोक सके। फिर भी उन्हें रोका जा रहा है क्योंकि हमारे देश में खुलकर तानाशाही चल रही है।
लद्दाख में जारी विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए हसन ने कहा- सरकार की कार्रवाई संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा, “लद्दाखी जनता के प्रदर्शन और उनकी मांगों पर सरकार का रवैया पूरी तरह असंवैधानिक और असहनीय है।
सांसद मोहिबुल्लाह नदवी बोले- यह असंवैधानिक
बरेली जा रहे सपा के प्रतिनिधि मंडल में रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी, मुजफ्फरनगर के सांसद हरेंद्र सिंह मलिक और इकरा हसन शामिल थे। 'I Love Mohammad' विवाद के बाद प्रतिमंडल को बरेली जान से यूपी बार्डर पर ही रोक दिया गया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल की काफी देर तक पुलिस से बहस भी हुई। SP सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने बताया, “हमें बरेली जाने से रोका जा रहा है। यह असंवैधानिक है। BJP सरकार पहले लोगों को दबाती है और फिर इसे छुपाने की कोशिश करती है।
इकरा बोलीं- यह “अघोषित आपातकाल”
इकरा हसन ने इस स्थिति को “अघोषित आपातकाल” से जोड़ते हुए कहा कि उनकी यात्रा का कोई एजेंडा नहीं था। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि उनका साथ दें और कहा, “हम कुछ छुपा नहीं रहे। हमें समझ नहीं आता कि किस गलत काम को छुपाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार हमें बरेली जाने नहीं दे रही।
Iqra Hasan MP | Iqra Hasan Samajwadi Party | Kairana MP Iqra Hasan | UP politics Iqra Hasan