/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/04/aHT0NTyEPLdEqLa8hoDb.jpg)
RAHUL GANDHI Photograph: (RAHUL GANDHI)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्याओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की लगातार आत्महत्या पर सरकार की चुप्पी और उदासीनता बेहद चिंताजनक है।
तीन महीनों में महाराष्ट्र में 767 किसानों ने आत्महत्या की
राहुल गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “सोचिए… सिर्फ तीन महीनों में महाराष्ट्र में 767 किसानों ने आत्महत्या की है। यह कोई आंकड़ा नहीं है, बल्कि 767 परिवारों की बर्बादी की कहानी है। 767 घर जो कभी फिर से नहीं बस पाएंगे। और सरकार? वो खामोश तमाशबीन बनी हुई है। उन्होंने सरकार पर किसानों की मांगों को अनदेखा करने का आरोप लगाया और कहा कि हर दिन किसान कर्ज में और ज्यादा डूबता जा रहा है बीज, खाद, डीज़ल सब महंगे हो गए हैं। लेकिन न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कोई गारंटी नहीं है। जब किसान कर्ज माफी की बात करता है, तो उसे नजरअंदाज कर दिया जाता है।
मोदी सरकार ने औद्योगिक घरानों के कर्ज माफ किए किसानों के नहीं
राहुल गांधी ने औद्योगिक घरानों के कर्ज माफ किए जाने को लेकर भी मोदी सरकार पर हमला बोला और कहा कि जिनके पास करोड़ों रुपये हैं, उनके कर्ज मोदी सरकार आराम से माफ कर देती है। आज की ही खबर देखिए अनिल अंबानी का 48,000 करोड़ का SBI फ्रॉड सामने आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधे निशाना साधते हुए कहा, “मोदी जी ने कहा था कि किसानों की आमदनी दोगुनी करेंगे, लेकिन सच्चाई ये है कि आज अन्नदाता की जिंदगी ही आधी हो रही है। यह सिस्टम किसानों को धीरे-धीरे मार रहा है और मोदी जी अपने पीआर का तमाशा देख रहे हैं।
भाजपा का पलटवार
राहुल गांधी के आरोपों पर भाजपा की ओर से तीखी प्रतिक्रिया दी गई है। बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर एक चार्ट साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की 15 साल की सरकार के दौरान महाराष्ट्र में 55,928 किसानों ने आत्महत्या की थी। मालवीय ने कहा, “मृतकों को गिनने की राजनीति करना घृणित है, लेकिन राहुल गांधी जैसे लोगों को आईना दिखाना जरूरी है। उन्हें पहले अपने शासनकाल के पापों को याद करना चाहिए और बताना चाहिए कि कांग्रेस-राकांपा के कार्यकाल में इतनी बड़ी संख्या में किसानों की आत्महत्याएं क्यों हुईं? rahul gandhi | Congress vs BJP