रायपुर, वाईबीएन नेटवर्क। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पूर्व विधायक यू.डी. मिंज की एक फेसबुक पोस्ट को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। पोस्ट में कथित तौर पर कहा गया था कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है, तो भारत की हार निश्चित है। साथ ही बालाकोट एयर स्ट्राइक पर भी सवाल उठाए गए। भाजपा ने इसे राष्ट्रविरोधी बताया और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पोस्ट को लेकर विवाद बढ़ने पर यू.डी. मिंज ने सफाई दी कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया गया था और उन्होंने इस संबंध में फेसबुक से शिकायत की है।
"पोस्ट में भारत की हार की भविष्यवाणी"
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने मिंज के कथित पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, "जो आज पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक युद्ध की बात कर रहे हैं, वे जान लें कि इस बार भारत को चीन से भी लड़ना होगा और इस स्थिति में भारत की हार निश्चित है।" पोस्ट में यह भी दावा किया गया था कि चीन ने पीओके और बलूचिस्तान में भारी निवेश किया है और अगर भारत हमला करता है, तो चीन स्वत: पाकिस्तान के समर्थन में उतर आएगा।
भाजपा का कांग्रेस पर हमला
पंकज झा ने ट्वीट में लिखा, “फिर कांग्रेस के एक नेता का भारत विरोधी बयान सामने आया है। कांग्रेस का लगभग हर कार्यकर्ता एक संभावित देशद्रोही है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चीन के साथ गतिरोध के समय भी कांग्रेस ने भारत के सरेंडर की बात की थी।
यू.डी. मिंज की सफाई
विवाद के बीच यू.डी. मिंज ने एक बयान जारी कर कहा, “मैं असुविधा के लिए माफी मांगता हूं। मेरा अकाउंट हैक कर लिया गया था। मैंने फेसबुक से संपर्क कर लिया है और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय कर रहा हूं।” उन्होंने अपील की कि उनके नाम से प्रसारित किसी भी संदिग्ध पोस्ट या लिंक पर ध्यान न दिया जाए।
india pakistan latest tension | India Pakistan Tension