दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह हुई हल्की बारिश के बाद मौसम ने करवट ली है। तेज हवाएं चलने के बावजूद तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की गई है। दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार से मौसम साफ हो जाएगा और तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। 21 से 25 फरवरी के बीच आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
उत्तर भारत में बारिश और गरज-चमक की संभावना
वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय है, जिसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं। 20 फरवरी को दिल्ली में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी इन इलाकों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
बंगाल के कई जिलों में तेज हवाएं और बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। गुरुवार सुबह पुरुलिया, बांकुड़ा और बीरभूम के कुछ इलाकों में बारिश हुई। विभाग ने बताया कि कोलकाता, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा, नदिया और उत्तर व दक्षिण 24 परगना में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। पिछले कुछ दिनों से दक्षिण बंगाल में रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है
झारखंड में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
झारखंड के कुछ इलाकों में गुरुवार सुबह बारिश हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की आशंका है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक रांची में 11.6 मिमी, सरायकेला में 23.5 मिमी, सिमडेगा में 10.5 मिमी, लोहरदगा में 7.5 मिमी और बोकारो में 2 मिमी बारिश दर्ज की गई। आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।
राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज
राजस्थान के कई इलाकों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीते 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, झुंझुनू के उदयपुरवाटी में 19 मिमी, सीकर के फतेहपुर में 16 मिमी, गंगानगर में 15.1 मिमी और खेतड़ी में 13 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा नोखा, संगरिया, सांभर और शाहपुरा में भी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान जालौर में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और अलवर में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
श्रीनगर और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गुरुवार को ताजा हिमपात दर्ज किया गया, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई। गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम और बडगाम जिले के दूधपथरी में हल्की बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने 21 से 23 फरवरी तक बादल छाए रहने और 24-25 फरवरी के दौरान छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, 26 से 28 फरवरी के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
धनोल्टी में हुई बर्फबारी
मसूरी में हुई बारिश और धनोल्टी समेत आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड बढ़ने से लोगों को परेशानी हो रही है और वे अलाव व गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। धनोल्टी, नाग डिब्बा, लाल टिब्बा, सुरकंडा देवी और ख्परी डिब्बा में हल्की बर्फबारी का पर्यटक और स्थानीय लोग आनंद ले रहे हैं, जिसका असर मसूरी के मौसम पर भी दिख रहा है।