Weather Forecast: उत्तर भारत में मानसून सुस्त, बढ़ेगी गर्मी, दिल्ली-UP में 42°C तक पहुंचेगा तापमान
मॉनसून की धीमी रफ्तार के कारण उत्तर भारत में गर्मी बढ़ने की संभावना है। दिल्ली, यूपी, एमपी, हरियाणा और पंजाब में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। जानें IMD का अलर्ट।
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने इस बार शुरुआत तो समय से कर दी थी, लेकिन अब उसकी रफ्तार सुस्त पड़ गई है, जिससे उत्तर भारत में मॉनसून की दस्तक में देरी हो रही है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि इस देरी के चलते दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में गर्मी का सितम और बढ़ने की संभावना है। उत्तर भारत में मॉनसून की सुस्त चाल और पश्चिमी विक्षोभ की कमजोरी के चलते गर्मी का असर और गहराएगा। लोगों को अगले एक सप्ताह तक तेज धूप, लू और तापमान में तेजी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग की सलाह है कि धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त पानी पिएं।
Advertisment
मौसम विभाग का अलर्ट
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों में पंजाब, हिमाचल, उत्तर राजस्थान, पूर्वी यूपी, दक्षिण बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, लेकिन उत्तर भारत में गर्मी तेज होगी क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर हो चुका है।
दिल्ली और एनसीआर में गर्मी का दौर फिर शुरू
Advertisment
दिल्ली में 5 जून को अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री तक रहेगा, लेकिन 6 जून से तापमान तेजी से बढ़ेगा। 9 और 10 जून तक यह 40-42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले 2 दिनों तक हल्के बादल और हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन उसके बाद लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ेगा।
Photograph: (Google)
उत्तर प्रदेश में बारिश थमेगी, गर्मी बढ़ेगी
Advertisment
उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों से मौसम सुहावना रहा, लेकिन 6 जून से बारिश थमने की संभावना है। 5 जून को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कुछ जगह हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद पूरे प्रदेश में गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। IMD ने अनुमान जताया है कि अधिकतम तापमान में 5-6 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
हरियाणा में तापमान में तेजी से वृद्धि
हरियाणा में भी अब बारिश की संभावना नहीं है। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। रोहतक में बुधवार को 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा और हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है।