मुंबई, आईएएनएस: मुंबई पुलिस ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की आलोचना करने पर एक महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। साथ ही पुलिस ने महिला को नोटिस भी भेजा है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, ‘ऑपरेशन सिंदूर' की आलोचना करने पर मुंबई के मालवणी पुलिस स्टेशन ने एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मालवणी पुलिस ने महिला सलमा रफीक खान (उम्र 40) के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उसे नोटिस भी भेजा है।
व्हाट्सएप स्टेटस पर 'ऑपरेशन सिंदूर' से संबंधित विवादित पोस्ट शेयर
बता दें कि महिला सलमा रफीक खान मुंबई के मलाड इलाके में स्थित मालवणी में ब्यूटी पार्लर भी चलाती है। महिला पर आरोप है कि उसने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर 'ऑपरेशन सिंदूर' से संबंधित विवादित पोस्ट शेयर की थी। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर विवादित पोस्ट शेयर करते हुए महिला ने लिखा था कि जब सरकारें बिना सोचे-समझे फैसले लेती हैं, तो दोनों तरफ के निर्दोष लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है। इस पोस्ट में 'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में एक अश्लील शब्द का भी जिक्र किया गया था।
इन धाराओं में दर्ज किया मुकदमा
इस विवादित पोस्ट की जानकारी मिलने पर मालवणी पुलिस ने महिला के खिलाफ कार्रवाई की। मालवणी पुलिस ने महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 353 और आईटी एक्ट के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों पर हमलों कर उन्हें तबाह कर दिया था। Operation Sindoor