/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/07/surya-movement-into-singh-rashi-2025-08-07-23-07-53.jpg)
वैदिक ज्योतिष के अनुसार, ग्रहों के राजा सूर्य 17 अगस्त 2025 को रात 2:00 बजे कर्क राशि से अपनी स्वराशि सिंह में प्रवेश करेंगे। यह गोचर सिंह संक्रांति के रूप में जाना जाता है और सूर्य इस राशि में 16 सितंबर 2025 तक रहेगा। सूर्य को ग्रहों का राजा माना जाता है, जो आत्मविश्वास, नेतृत्व, और सम्मान का कारक है। सिंह राशि में सूर्य की स्थिति अत्यंत शक्तिशाली होती है, क्योंकि यह उनकी स्वराशि है, जिससे इसका प्रभाव सभी राशियों पर पड़ता है।
इस बार सूर्य का सिंह राशि में गोचर विशेष रूप से कन्या, मकर और कुंभ राशियों के लिए कई तरह की परेशानियां ला सकता है। इन जातकों को स्वास्थ्य, संबंधों, धन और मानसिक स्थिति में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। जबकि सूर्य का सिंह राशि में गोचर मेष, सिंह, मिथुन, धनु, और कर्क राशि वालों के लिए विशेष रूप से शुभ रहेगा।
कन्या राशि : मानसिक तनाव और खर्चों से सतर्क रहें
कन्या राशि के लिए सूर्य का यह गोचर उनकी कुंडली के बारहवें भाव में होगा, जो हानि, खर्च, विदेश यात्रा, एकांत, और मानसिक शांति से जुड़ा होता है। इस अवधि में कन्या जातकों को अनावश्यक खर्चों का सामना करना पड़ सकता है। आर्थिक रूप से यह समय अस्थिरता भरा हो सकता है, इसलिए धन संबंधी फैसले सोच-समझकर लेने होंगे।
इस काल में, नींद की कमी, चिंता और थकावट जैसी मानसिक समस्याएं भी उभर सकती हैं। हालांकि यह समय अंतरराष्ट्रीय संपर्क या विदेश यात्रा के योग भी बना रहा है, जो करियर में दीर्घकालिक लाभ दे सकते हैं।
मकर राशि : स्वास्थ्य और अचानक घटनाओं से बचें
मकर राशि के लिए सूर्य का यह गोचर आठवें भाव में हो रहा है, जिसे ज्योतिष में सबसे रहस्यमयी और संवेदनशील भाव माना जाता है। यह भाव अचानक बदलाव, दुर्घटना, रोग, से जुड़ा होता है। इस दौरान मकर जातकों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए। कोई पुराना रोग दोबारा उभर सकता है या नई स्वास्थ्य समस्या सामने आ सकती है।
अचानक आर्थिक खर्चों का बोझ बढ़ सकता है, गुप्त शत्रु नुकसान पहुंचा सकते हैं। हालांकि, यह समय आध्यात्मिक जागरूकता और गूढ़ ज्ञान की ओर रुझान का अवसर भी प्रदान करता है।
कुंभ राशि : वैवाहिक जीवन और साझेदारी में टकराव संभव
कुंभ राशि वालों के लिए सूर्य का यह गोचर सप्तम भाव में हो रहा है, जो जीवनसाथी, साझेदारी, विवाह और सामाजिक संबंधों का प्रतिनिधित्व करता है। इस समय वैवाहिक जीवन में तनाव या टकराव हो सकता है। अहं का टकराव, संप्रेषण की कमी और गलतफहमियां रिश्ते में दूरी ला सकती हैं। यदि आप विवाहित हैं, तो जीवनसाथी के साथ संयम, समझ और संवाद बनाए रखना अत्यंत आवश्यक होगा। बिजनेस पार्टनरशिप में भी यह समय कठिन हो सकता है। साझेदार से मतभेद बढ़ सकते हैं, जिससे व्यापार में रुकावटें आ सकती हैं। किसी भी नई साझेदारी या समझौते से पहले पूरी जांच-पड़ताल और विचार करना आवश्यक है।
इन राशि के लिए विशेष शुभ रहेगा
सूर्य का सिंह राशि में गोचर मेष, सिंह, मिथुन, धनु, और कर्क राशि वालों के लिए विशेष रूप से शुभ रहेगा। अन्य राशियों पर भी इसका मिश्रित प्रभाव होगा, लेकिन व्यक्तिगत कुंडली के आधार पर परिणाम भिन्न भी हो सकते हैं। सूर्य की पूजा और पवित्र नदियों में स्नान इस दौरान शुभ माना जाता है।
मेष राशि: नौकरी में उन्नति और आय के नए स्रोत
सूर्य का गोचर मेष राशि के पांचवें भाव में होगा, जो रचनात्मकता और प्रेम को प्रभावित करता है। इस दौरान मेष जातकों की रचनात्मकता बढ़ेगी, विशेष रूप से मनोरंजन, शिक्षा, या शेयर बाजार से जुड़े लोगों के लिए यह समय अनुकूल रहेगा। प्रेम संबंधों में भावनाएं तीव्र हो सकती हैं, लेकिन अहंकार से बचें। नौकरी में उन्नति और आय के नए स्रोत बन सकते हैं।
सिंह राशि: सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी
सूर्य का गोचर सिंह राशि के प्रथम भाव में होगा, जिससे आत्मविश्वास और सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। नौकरीपेशा लोगों के लिए प्रमोशन या वेतन वृद्धि के योग बन सकते हैं। अविवाहितों के लिए विवाह प्रस्ताव आ सकते हैं। व्यापार में नए अवसर और धन लाभ की संभावना है। हालांकि, अहंकार से बचना जरूरी है।
मिथुन राशि: धन लाभ और स्वास्थ्य में सुधार होगा
तीसरे भाव में सूर्य का गोचर मिथुन जातकों के संचार और आत्मविश्वास को बढ़ाएगा। सेल्स, मार्केटिंग, या लेखन से जुड़े लोगों के लिए यह समय उन्नति का है। भाई-बहनों के साथ रिश्ते मजबूत होंगे, लेकिन छोटी-मोटी गलतफहमियों से बचें। व्यापार में धन लाभ और स्वास्थ्य में सुधार होगा।
धनु राशि: आर्थिक स्थिति मजबूत होगी
नौवें भाव में सूर्य का गोचर धनु राशि वालों के लिए भाग्यवृद्धि का संकेत देता है। विदेश यात्रा या उच्च शिक्षा के अवसर मिल सकते हैं। नौकरी और व्यापार में तरक्की होगी, और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी।
कर्क राशि: आर्थिक स्थिति में सुधार होगा
दूसरे भाव में सूर्य गोचर से वाणी में मधुरता और आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। नौकरी में नए अवसर और पुराने स्रोतों से धन लाभ संभव है। व्यक्तित्व में निखार आएगा। Surya Transit 2025 | rashifal prediction | Today rashifal prediction | Surya Gochar August 2025 | Surya Singh Rashi Effects