/young-bharat-news/media/media_files/2025/12/04/shashikapoor-2025-12-04-12-14-43.jpeg)
ShashiKapoor Photograph: (ians)
मुंबई। गुरुवार को बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शशि कपूर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गई। शशि कपूर न सिर्फ अपने शानदार अभिनय के लिए बल्कि अपने विनम्र स्वभाव और थिएटर के प्रति समर्पण के लिए भी याद किए जाते हैं। बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
शशि कपूर की पुण्यतिथि
अपने चेहरे की मुस्कान और अदाकारी से लोगों के दिलों में राज करने वाले शशि कपूर की पुण्यतिथि गुरुवार को है। उन्होंने दीवार, कभी-कभी, सत्यम शिवम् सुंदरम् और जुनून जैसी कई क्लासिक फिल्मों में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता। उनके योगदान को सम्मानित करते हुए उन्हें पद्म भूषण और दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से नवाजा गया था। फिल्म जगत के कलाकारों और उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए भावुक संदेश साझा किए। शशि कपूर की पुण्यतिथि पर जैकी श्रॉफ ने किया दिवंगत अभिनेता को सलाम, जैकी श्रॉफ ने अपने इंस्टाग्राम पर उनकी वीडियो पोस्ट की, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "शशि कपूर की पुण्यतिथि पर उन्हें याद कर रहा हूं। आप हमारे दिल में हमेशा रहेंगे।"
करियर की शुरुआत
बाल कलाकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले शशि कपूर बाकी कपूर से थोड़ा अलग रहते थे। वे भारत के पहले ऐसे एक्टर थे, जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ब्रिटिश और अमेरिकी फिल्मों में भी काम किया। इनमें हाउसहोल्डर, शेक्सपियर वाला, बॉम्बे टॉकीज, और हीट एंड डस्ट जैसी फिल्में शामिल हैं। उन्होंने हिंदी सिनेमा में भी कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया, जिसके लिए उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित भी किया जा चुका है।
भारतीय सिनेमा में सर्वोच्च पुरस्कार
अभिनेता को कला-सिनेमा में उनके योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। 2015 में उन्हें 2014 दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिससे वे पृथ्वीराज कपूर और राज कपूर के बाद भारतीय सिनेमा में सर्वोच्च पुरस्कार प्राप्त करने वाले अपने परिवार के तीसरे सदस्य बन गए।
20 साल की उम्र में शादी
उन्होंने फिल्मों के साथ-साथ थिएटर भी किया है। इस दौरान उनकी मुलाकात गोदफ्रे की बेटी जेनिफर से हुई थी। उन्होंने जेनिफर के साथ कई नाटकों में हिस्सा लिया। इसी बीच दोनों की दोस्ती हुई और फिर प्यार परवान चढ़ा, और कहते हैं कि शशि ने 20 साल की उम्र में ही जेनिफर से शादी कर ली थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा कुनाल कपूर है, जो कि एक्टर व ऐड डायरेक्टर हैं, जबकि दूसरे बेटे करन कपूर मुख्य रूप से फोटोग्राफर व पार्ट-टाइम एक्टिंग कर रहे हैं। वहीं, सबसे छोटी बेटी संजना कपूर है, जो कई समय से मुंबई में मौजूद पृथ्वी थियेटर को संभाल रही हैं।
लंबी बीमारी के बाद उनका निधन 4 दिसंबर 2017 को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में हुआ था और उनकी मृत्यु का कारण लीवर सिरोसिस बताया गया था।
(इनपुट-आईएएनएस)
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us
/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/11/dXXHxMv9gnrpRAb9ouRk.jpg)