/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/20/befunky-collage-2025-2025-10-20-11-34-52.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क :फ्रांस की राजधानी पेरिस स्थित लूवर म्यूजियम में रविवार को दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात हुई। बताया जा रहा है कि तीन से चार नकाबपोश लुटेरे चेनसॉ और डिस्क कटर के साथ म्यूजियम में दाखिल हुए और महज 4 मिनट में नेपोलियन युग के 9 बेशकीमती आभूषण चुराकर फरार हो गए। इस घटना ने फ्रांस के अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को हिला दिया है।
चोरों ने बास्केट लिफ्ट का इस्तेमाल किया
फ्रांस इंटर रेडियो से बातचीत में गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने बताया कि चोरों ने बास्केट लिफ्ट का इस्तेमाल कर म्यूजियम की खिड़कियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद उन्होंने डिस्क कटर से शीशे काटे और अपोलो गैलरी में दाखिल हुए, जहां फ्रांसीसी क्राउन ज्वेल्स रखे थे। चोरी हुए आभूषण बेहद दुर्लभ और कीमती बताए जा रहे हैं।
डकैती को पेशेवर तरीके से अंजाम दिया गया
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, फ्रांसीसी संस्कृति मंत्री रचिदा दाती ने इस डकैती को बेहद पेशेवर बताया। उन्होंने कहा कि लुटेरों ने पूरी वारदात सिर्फ चार मिनट में अंजाम दी और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से भाग निकले। दाती ने बताया कि महारानी यूजनी का एक आभूषण, जो भागते समय गिर गया था, संग्रहालय के बाहर बरामद हुआ है। सुरक्षा कारणों से लूवर म्यूजियम फिलहाल कुछ दिनों के लिए बंद रहेगा। घटना के बाद की फुटेज में देखा गया कि पुलिस ने संग्रहालय परिसर और आसपास की सड़कों को बंद कर दिया था। पर्यटक घबराकर बाहर निकलते और आसपास भटकते दिखे।
लूवर म्यूजियम को चोरों ने पहले भी बनाया है निशाना
यह पहली बार नहीं है जब लूवर म्यूजियम को चोरों ने निशाना बनाया है। साल 1911 में एक कर्मचारी ने मोनालिसा की पेंटिंग चुरा ली थी, जो दो साल बाद इटली के फ्लोरेंस से बरामद हुई। वहीं 1983 में भी यहां से दो पुनर्जागरण काल के कवच चोरी हुए थे, जिन्हें करीब 40 साल बाद ढूंढ निकाला गया। इस नई वारदात ने एक बार फिर संग्रहालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लूवर म्यूजियम दुनिया का सबसे प्रसिद्ध संग्रहालय
लूवर म्यूजियम दुनिया का सबसे प्रसिद्ध संग्रहालय माना जाता है, जिसमें मेसोपोटामिया, मिस्र और यूरोपीय सभ्यताओं की 33,000 से अधिक प्राचीन और आधुनिक कलाकृतियां रखी गई हैं। इसके प्रमुख आकर्षणों में मोनालिसा, वीनस डी मिलो और विंग्ड विक्ट्री ऑफ समोथ्रेस शामिल हैं।