नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पाकिस्तान के सांसद उमर फारूक ने देश की सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों को जमकर फटकार लगाई है। उन्होंने बलूचिस्तान में हो रहे हमलों के लिए बार-बार भारत को जिम्मेदार ठहराने की नीति पर भी सवाल उठाए हैं। फारूक ने स्पष्ट कहा कि इन हमलों के पीछे बाहरी नहीं, बल्कि देश के अंदर के ही लोग हैं। उमर फारूक ने शहबाज सरकार के प्रोपेगैंडा की पोल खोल दी है।
पाकिस्तानी सरकार झूठ फैला रही है
उमर फारूक ने बलूचिस्तान के हालात पर बोलते हुए कहा कि वहां की स्थिति को लेकर सरकार झूठ फैला रही है। फारूक ने दावा किया कि बलूचिस्तान में होने वाले विस्फोट भारत से नहीं हो रहे, बल्कि इसके पीछे पाकिस्तान के ही नागरिक शामिल हैं। उनका कहना था कि अगर भारत से कोई बम या आतंकी आता ही नहीं है, तो फिर सुरक्षा एजेंसियों का काम क्या है?
भारत इतनी गहराई में घुसकर हमला कैसे कर सकता है?
सांसद उमर फारूक ने भारत द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि भारत ने पाकिस्तान की इतनी गहराई में घुसकर हमला कैसे किया। उन्होंने कहा कि भारत ने चकलाला एयरबेस पर बमबारी की, जो सेना के जीएचक्यू के बेहद पास है, फिर भी किसी ने सवाल नहीं उठाया कि भारत वहां तक पहुंचा कैसे। फारूक ने सेना और एजेंसियों की भूमिका पर सीधा सवाल उठाया और सार्वजनिक बहस की चुनौती दी।
बलूचिस्तान की आवाज दबा रही है सरकार
फारूक ने इस ओर भी ध्यान दिलाया कि बलूचिस्तान में जो लोग सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वहां के लोगों की मांगें उनके अधिकारों और संसाधनों पर नियंत्रण से जुड़ी हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है और भारत पर दोष मढ़कर असल समस्याओं से ध्यान भटका रही है।
शहबाज सरकार के झूठे दावे उजागर
फारूक के बयान ने पाकिस्तान सरकार के उस दावे को भी चुनौती दी है जिसमें कहा गया था कि भारत के हमलों से देश को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। सैटेलाइट तस्वीरों और अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों से पहले ही यह स्पष्ट हो चुका है कि पाकिस्तान को बड़ा नुकसान हुआ है। उमर फारूक ने इस सच्चाई को सामने लाकर सरकार के प्रोपेगैंडा की पोल खोल दी है।
pakistan | Operation Sindoor | india pakistan | Balochistan