कीव, वाईबीएन नेटवर्क। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ईस्टर के मौके पर युद्धविराम की घोषणा के बावजूद रूसी हमले थमे नहीं हैं। जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने युद्धविराम का ऐलान तो किया, लेकिन उसकी सेनाओं ने सीमावर्ती इलाकों में आक्रमण जारी रखा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि "रूस के शब्दों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।" जेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "रूसी तोपखाने की गोलाबारी अब भी जारी है। हम जानते हैं कि मास्को कैसे हेरफेर करता है। इसलिए हम हर स्थिति के लिए तैयार हैं।" राष्ट्रपति ने भरोसा दिलाया कि यूक्रेनी रक्षा बल हर हमले का उचित और तर्कसंगत तरीके से जवाब देंगे।
रूस ने 30 दिन के युद्धविराम प्रस्ताव को ठुकराया
जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका ने रूस को 30 दिनों के पूर्ण और बिना शर्त युद्धविराम का प्रस्ताव दिया था, जिसे यूक्रेन ने स्वीकार कर लिया था। लेकिन रूस ने 39 दिनों तक इस प्रस्ताव पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।उन्होंने स्पष्ट किया, "अगर रूस अब भी गंभीरता दिखाएगा, तो यूक्रेन उसी तरह जवाब देगा, मौन के जवाब में मौन और हमलों के जवाब में रक्षा।" जेलेंस्की ने आगे कहा कि यदि 30 दिन तक वास्तविक शांति बनी रही, तो संघर्ष को खत्म करने का रास्ता निकल सकता है। उन्होंने कहा, "30 घंटे की शांति सिर्फ खबरों में दिखावे के लिए काफी है, भरोसा बनाने के लिए नहीं।"
पुतिन ने किया था 30 घंटे के युद्धविराम का ऐलान
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईस्टर के अवसर पर 30 घंटे के लिए युद्धविराम की घोषणा की थी।रूसी विदेश मंत्रालय ने एक्स पर एक वीडियो साझा कर बताया कि पुतिन ने मानवीय कारणों से शनिवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 12 बजे तक सैन्य अभियानों को रोकने का आदेश दिया था। रूस-यूक्रेन युद्ध फरवरी 2022 में शुरू हुआ था। तब से यह दूसरी बार है जब युद्धविराम की घोषणा की गई। इससे पहले जनवरी 2023 में रूढ़िवादी क्रिसमस के दौरान युद्धविराम का प्रयास हुआ था, लेकिन वह भी असफल रहा था, क्योंकि दोनों पक्ष किसी स्थायी समझौते पर नहीं पहुँच सके थे।
russia ukraine war | Russia Ukraine war 2023 | Russia Ukraine war analysis | russia ukraine war hindi news live | russia ukraine war latest news