/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/18/eyepalming-2025-11-18-17-00-24.jpg)
Eyepalming Photograph: (ians)
नई दिल्ली। लंबे समय तक मोबाइल, कंप्यूटर या टीवी स्क्रीन देखने से आंखों में तनाव और थकान बढ़ने की समस्या आम हो गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, आई पामिंग का नियमित अभ्यास आंखों की मांसपेशियों को आराम देता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करता है। इसमें दोनों हाथों को रगड़कर गर्म किया जाता है और आंखों पर हल्के दबाव के साथ कुछ सेकंड रखा जाता है। यह तकनीक आंखों की सूखापन, सिरदर्द और धुंधला दिखने की समस्या को कम करने में भी मदद करती है। रोज 5–7 मिनट अभ्यास करने से आंखों को तुरंत सुकून मिलता है और दृष्टि स्वास्थ्य बेहतर होता है।
आई पामिंग का नियमित अभ्यास
मालूम हो कि ऑफिस में कंप्यूटर के सामने घंटों बैठना हो या मोबाइल, लैपटॉप और टीवी की स्क्रीन के सामने आंखों में जलन, लालिमा और भारीपन होना आम सी बात हो गई है। ऐसे में बेहद सरल आई पामिंग के अभ्यास से आंखों की थकान को दूर किया जा सकता है।
आंखों की थकान का असरदार इलाज
भारत सरकार का आयुष मंत्रालय 'आई पामिंग' को आंखों की थकान को दूर करने का सबसे आसान और असरदार इलाज बताता है। यह प्राचीन योग तकनीक बिना किसी खर्च के घर बैठे ही आंखों को तुरंत राहत देती है। आई पामिंग करने से स्क्रीन की नीली रोशनी से होने वाला तनाव कम होता है। आंखों की थकी हुई मांसपेशियां रिलैक्स होती हैं, सिरदर्द और माथे का भारीपन दूर होता है। इसके नियमित अभ्यास से आंखें स्वस्थ रहती हैं। साथ ही रात में अच्छी नींद आती है। बच्चे हों या बड़े, हर उम्र के लोग इसे आसानी से कर सकते हैं, यह हर आयु वर्ग के लिए सुरक्षित है।
करने का तरीका
इसे करने का तरीका बेहद सरल है। इसके लिए सबसे पहले आराम से सीधे बैठ जाएं। दोनों हथेलियों को आपस में तेजी से रगड़कर गर्माहट लाएं। आंखें पूरी तरह बंद कर लें। अब हथेलियों को कप जैसा गोल करके आंखों पर इस तरह रखें कि कोई दबाव न पड़े, नाक को सांस लेने की पूरी जगह मिले और चारों तरफ से रोशनी न आए। कोहनी को टेबल या घुटनों पर टिका लें, ताकि हाथ न थके। कंधे और चेहरे को ढीला छोड़कर धीमी-गहरी सांस लें और दिमाग में सिर्फ गहरा काला रंग देखने की कोशिश करें। बस 1 से 5 मिनट तक ऐसा करें।
आंखों की सेहत में सुधार
दिन में तीन-चार बार पामिंग करने से कुछ ही हफ्तों में आंखों की सेहत में सुधार दिखने लगता है। ऑफिस में ब्रेक के दौरान, बच्चों को पढ़ाई के बाद या रात को सोने से पहले इसका अभ्यास कभी भी किया जा सकता है।
(इनपुट-आईएएनएस)
Disclaimer: इस लेख में प्रदान की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए है। इसे किसी भी रूप में व्यावसायिक चिकित्सकीय परामर्श के विकल्प के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। कोई भी नई स्वास्थ्य-संबंधी गतिविधि, व्यायाम, शुरू करने से पहले अपने चिकित्सक से सलाह जरूर लें।"
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us