लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हिंदुत्व के नाम पर सत्ता में आई भाजपा सरकार ही अब हिंदू धर्म स्थलों को नष्ट कर रही है। अजय राय ने कहा कि दुनिया के सभी प्राचीन शहरों ने अपनी मूल पहचान को बचाकर रखा है, चाहे वह मिस्र हो या वेनिस। लेकिन भारत में भाजपा सरकार बनारस, अयोध्या, विंध्याचल और अब वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों का स्वरूप बदलने पर तुली है।
बनारस के मूल स्वरूप को किया नष्ट
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अजय राय ने कहा कि बनारस के मूल स्वरूप को नष्ट किया गया, सैकड़ों मंदिर और शिवलिंग तोड़े गए, वटवृक्ष काटे गए। अयोध्या में अधूरे मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कर धार्मिक परंपराओं का उल्लंघन किया गया और अब दोबारा प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है, जो कि धार्मिक दृष्टिकोण से गलत है। उन्होंने कहा कि सरकार की निगाह अब मां विंध्यवासिनी मंदिर और वृंदावन की कुंज गलियों पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ईश्वर से जुड़ी आस्था के स्थलों को पर्यटन स्थल या पिकनिक स्पॉट में बदलने पर आमादा है।
औरंगजेब के जमाने में नहीं हुआ ऐसा अत्याचार
वृंदावन के तीर्थ पुरोहित सोहनलाल मिश्र ने कहा कि जो अत्याचार औरंगजेब के जमाने में नहीं हुआ, वह योगी सरकार कर रही है। 285 परिवार ठाकुर जी की सेवा से जुड़े हैं, जिनके घर व मंदिर तोड़े जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन लोगों को धमका रही हैं। सोहनलाल मिश्र ने सवाल किया कि यदि वे सरकार को चार गुना कीमत देने को तैयार हैं तो क्या योगी आदित्यनाथ गोरक्षपीठ उन्हें सौंपेंगे?
व्यवस्था बिगाड़ना चाहती है सरकार
वृंदावन से आए दीपक पराशर ने कहा कि सरकार व्यवस्था बनाना नहीं, बल्कि बिगाड़ना चाहती है। वृंदावन की गलियां उसकी आत्मा हैं और वहां 1000 मीटर से अधिक खाली भूमि है जिसे मंदिर में जोड़कर व्यवस्थाएं बनाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार दर्शन, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं दे पा रही है लेकिन 150 मंदिरों को तोड़ने की योजना बना रही है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में किसानों का प्रदर्शन : झंडा-लठ लेकर सड़क पर उतरे, बोले-भ्रष्ट हैं अधिकारी, नहीं सुनती सरकार
यह भी पढ़ें- Indian railways : लखनऊ से गुजरने वाली कई ट्रेनें रद्द, रूट व टाइमिंग बदला, यात्रा से पहले चेक कर लें स्टेटस
यह भी पढ़ें- UP News: इटावा कांड पर भड़के अखिलेश, कहा-भाजपा राज में 'पीडीए' वाले 'कथावाचन' भी नहीं कर सकते