/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/24/aktu-2025-06-24-15-05-20.jpg)
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अपना अलग स्थान बना चुका है। यह विश्वविद्यालय न केवल शैक्षणिक रूप से छात्रों को सबल कर रहा है बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी अपना योगदान दे रहा है। यह बात बीकेटी के विधायक योगेश शुक्ला ने कही। विधायक शनिवार को एकेटीयू के 25वें स्थापना दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि 25 सालों की यात्रा के दौरान विश्वविद्यालय ने कई उतार-चढ़ाव देखे होंगे, लेकिन वर्तमान में यह संस्थान नई उंचाइयों को छू रहा है। यहां न केवल युवाओं को दिशा दी जा रही है बल्कि गांव के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बुलाकर कार्यक्रम का हिस्सा बनाने से उनके मन में भी आगे बढ़ने की ललक जगायी जा रही है।
A ग्रेड के साथ रजत यात्रा पूरी
समारोह के दौरान कुलपति प्रोफेसर जेपी पाण्डेय ने विश्वविद्यालय की 25 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अपने आप में विशिष्ट संरचना वाला यह विश्वविद्यालय अपने शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के अथक प्रयासों से आज इस मुकाम पर है। उन्होंने विश्वविद्यालय को आगे बढ़ाने में योगदान के लिए पूर्व के सभी कुलपतियों और अधिकारियों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय से मेरा जुड़ाव शुरू से रहा है। यह एक भावनात्मक करने वाला दिन है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के इस 25वें साल में नैक ने पहली बार मूल्यांकन किया और ए ग्रेड मिला। यह बड़ी उपलब्धि है।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मानित
स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यक्रम में सिल्वर जुबली लोगो कॉम्प्टीशन के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा विश्वविद्यालय के गोद लिये गये पांच आंगनबाड़ी केन्द्रों की कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया। साथ ही गोद लिये गये स्कूलों और आईईटी में छात्रों की ओर से संचालित परमार्थ के 25-25 बच्चों को किट दिया गया। इसके अलावा इंट्रा यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स टूर्नामेंट के विजेताओं और प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिये गये। इस दौरान विश्वविद्यालय के 25 वर्षों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी चलायी गयी। वहीं कार्यक्रम की शुरुआत 25 पौधों के रोपण से हुई। साथ ही जल संरक्षण का संदेश देने के लिए जल भरो के तहत कलश को जल से भरा गया।
यह भी पढ़ें- पावर कारपोरेशन कर्मचारियों पर निकाल रहा खीझ, संघर्ष समिति तेज करेगी आंदोलन
यह भी पढ़ें- सड़कें बनीं निजी स्कूलों की पार्किंग, सरकारी आदेश ठेंगे पर