/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/13/lucknow-crime-2025-09-13-17-16-19.jpg)
File Photo 112 UP POLICE Photograph: (X.com)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। फेसबुक पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट डालने वाले एक चिकित्सक की जान समय रहते पुलिस ने बचा ली। मामला थाना सूरजपुर क्षेत्र का है, जहां करीब 50 वर्षीय डॉक्टर ने 12 सितंबर की शाम अपनी और दो बच्चों की तस्वीर डालते हुए लिखा ,मैं अपने बच्चों में के साथ आत्महत्या कर रहा हूं ,सभी को आखिरी प्रणाम।
सोशल मीडिया टीम ने फेसबुक से पता निकाल कर गौतमबुद्धनगर पुलिस को दी
यह पोस्ट रात 8.18 बजे उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर तक पहुंची। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सोशल मीडिया टीम ने चिकित्सक के फेसबुक अकाउंट की जांच कर उनका पता खोज निकाला और जानकारी गौतमबुद्धनगर पुलिस को दी।
चिकित्सक रस्सी की मदद से फांसी लगाने की तैयारी कर रहे थे
सिर्फ 10 मिनट के भीतर सूरजपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुँच गई। पुलिसकर्मियों ने देखा कि चिकित्सक रस्सी की मदद से फांसी लगाने की तैयारी कर रहे थे। मौके पर मौजूद उप निरीक्षक और उनकी टीम ने तुरंत उन्हें आत्महत्या करने से रोक लिया।
डॉक्टर का पत्नी से चल रहा था विवाद
पूछताछ में पता चला कि डॉक्टर का पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी मायके चली गई थी और बच्चे उनके पास ही रह गए थे। अवसाद और शराब के नशे में उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने न सिर्फ उन्हें समझाया बल्कि काउंसलिंग भी की। चिकित्सक ने भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का वादा किया।
परिजनों ने समय पर पहुंची पुलिस टीम का जताया आभार
परिजनों ने समय पर पहुंंची पुलिस टीम का आभार जताया।उत्तर प्रदेश पुलिस ने बताया कि वह 24x7 सोशल मीडिया पर अलर्ट रहते हुए अवसादग्रस्त व्यक्तियों की मदद कर रही है। 1 जनवरी 2023 से 10 सितंबर 2025 तक ऐसे 1,365 लोगों की जान समय रहते बचाई जा चुकी है।
यह भी पढ़ें: Crime News : 255 ग्राम हेरोइन संग सक्रिय तस्कर गिरफ्तार, कीमत 55 लाख रुपए