/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/15/kgbv-wardens-empowerment-training-programme-2025-09-15-17-56-43.jpeg)
केजीबीवी वार्डेंस सशक्तीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम Photograph: (YBN)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता।बालिका शिक्षा को और सशक्त बनाने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (NIEPA) ने एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत प्रदेश में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में वार्डेन्स के सशक्तीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को लखनऊ के दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, बीकेटी में किया। यह प्रशिक्षण 15 से 19 सितम्बर तक चलेगा। जिसमें प्रदेश भर से चयनित 30 मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसमें जिला समन्वयक बालिका शिक्षा और जेंडर कार्यक्रम के मास्टर ट्रेनर्स भी शामिल हैं।
नेतृत्व क्षमता और नवाचार पर जोर
राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान प्रशिक्षण की रूपरेखा, मॉड्यूल और गुणवत्ता सुनिश्चित कर रहा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों ने पहले दिन प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन किया। विशेषज्ञों क्रमशः डिप्टी सेक्रटरी, शिक्षा मंत्रालय सुधा मीणा, वाइस चांसलर NIEPA प्रोफेसर शशिकला वंजारी तथा डॉ सांत्वना मिश्रा एवं उनकी टीम ने प्रशिक्षणार्थियों को नेतृत्व क्षमता, नवाचार, विद्यालय प्रबंधन और बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं प्रेरणादायी वातावरण निर्माण से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया। इस दौरान अधिकारियों और टीम के सदस्यों ने प्रशिक्षण लेने आए मास्टर ट्रेनर्स से उनकी आगे के दायित्व को ठीक से निर्वहन करने की अपेक्षा की।
डीजी कंचन वर्मा ने बताई प्रशिक्षण की अहमियत
महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा के मुताबिक, प्रशिक्षण कार्यक्रम और विशेष हैंडबुक के माध्यम से NIEPA और केंद्र सरकार KGBV वार्डेन्स को व्यावहारिक कौशल और नवाचार के उपकरण प्रदान कर रहे हैं। प्रशिक्षित वार्डेन्स अब जिले और स्कूल स्तर पर अन्य सहकर्मियों को भी मार्गदर्शन देंगे, जिससे बालिकाओं के लिए एक समावेशी, सुरक्षित और प्रेरणादायी शिक्षा वातावरण सुनिश्चित होगा।
आगे चरणों में यह सीखेंगे मास्टर ट्रेनर
आगामी दिनों में प्रशिक्षण के अंतर्गत बालिका शिक्षा सशक्तीरण, सामुदायिक भागीदारी, नवीन शैक्षिक तकनीक, समस्या समाधान कौशल और शिक्षा की गुणवत्ता सुधार पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स आगे जिलास्तर पर अन्य वार्डेन्स को प्रशिक्षित करेंगे।
वार्डेंस को विशेष हैंडबुक
केजीबीवी की वार्डेंस के पेशेवर विकास और क्षमता निर्माण को सशक्त बनाने के लिए उन्हें विशेष प्रशिक्षण हैंडबुक दी गई है। यह हैंडबुक पांच दिवसीय प्रशिक्षण मॉड्यूल के अनुरूप तैयार की गई है, जिसमें प्रत्येक दिन वार्डेंस की भूमिका और जिम्मेदारियों के लिए महत्वपूर्ण विषय-जैसे नेतृत्व, प्रबंधन, वित्तीय प्रबंधन, स्वास्थ्य-सुरक्षा, सामाजिक-भावनात्मक विकास और लिंग संवेदनशीलता-पर ध्यान केंद्रित किया गया है। हैंडबुक में चार सत्रों में विभाजित गतिविधियां शामिल हैं, जो वार्डेंस को सहभागिता, चिंतन और व्यावहारिक कौशल के माध्यम से किशोर लड़कियों के लिए सुरक्षित और सशक्त वातावरण तैयार करने में सक्षम बनाएंगी।
प्रशिक्षण से वार्डेंस की नेतृत्व क्षमता बढ़ेगी
डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि केजीबीवी वार्डेंस के प्रशिक्षण से न केवल उनकी नेतृत्व क्षमता बढ़ेगी, बल्कि यह सीधे बालिकाओं के समग्र विकास और सुरक्षित सीखने के वातावरण को भी सुनिश्चित करेगा। NIEPA और केंद्र सरकार के मार्गदर्शन से यह कदम शिक्षा के मानक और गुणवत्ता को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में मौसम का बदला मिजाज, रिमझिम बारिश से उमस और गर्मी से मिली राहत
यह भी पढ़ें- बिजली चोरी करने पर नगर निगम पर सात लाख रुपये जुर्माना
यह भी पढ़ें- वक्फ संशोधन कानून पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद क्या बोले मुस्लिम धर्मगुरु और नेता?