/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/05/raja-ji-puram-2025-09-05-16-39-42.jpg)
नाला निर्माण के दौरान एक घर की गिरी दिवार, मजदूर दबकर हूं घायल।
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। राजधानी के राजाजीपुरम डी ब्लॉक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर नाला निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान अचानक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में चार मजदूर आ गए। घटना करीब दोपहर 2 बजे हुई। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा था
जानकारी के अनुसार, नगर निगम की ओर से जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि खुदाई का काम बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक दीवार ध्वस्त हो गई और उसके नीचे शैलेश, शंकु, दीपू और प्रमोद नाम के मजदूर दब गए। सभी मजदूर सीतापुर जिले के रहने वाले बताए जाते हैं।
लोगों का आरोप, गहरी खुदाई के चलते उनके घर की दीवार गिर गई
स्थानीय लोगों का कहना है कि निगम ने न तो मकान मालिकों को कोई पूर्व सूचना दी और न ही श्रमिकों की सुरक्षा के लिए उचित प्रबंध किए। मकान मालिक अर्चना त्रिवेदी ने बताया कि गहरी खुदाई के चलते उनके घर की दीवार गिर गई।घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोगों में नगर निगम की लापरवाही को लेकर आक्रोश फैल गया। फिलहाल पुलिस व निगम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: Crime News: एबीवीपी कार्यकर्ताओं को ‘गुंडा’ कहने पर मंत्री ओपी राजभर को कानूनी नोटिस