लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। बाराबंकी के सत्यम मिश्रा हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता सोमवार को सड़क पर उतर आए। हजरतगंज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समाने जुटे कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सभी लोग बैनर-पोस्टर लेकर विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने रोका तो प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच पुलिस और प्रदर्शनरियों के बीच तीखी झड़प हो गई। हालात बेकाबू होने पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
यूपी में अपराधों की बाढ़
प्रदर्शन से पहले विधानसभा मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सत्यम मिश्रा की हत्या के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल थीं। उन्होंने 'सत्यम को न्याय दो', 'कातिलों को गिरफ्तार करो' के नारे लगाए। पार्टी के बैद्ध प्रांत उपाध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह ने कहा कि यूपी में अपराधों की बाढ़ आ गई है। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति हवाहवाई है। योगी सरकार की पुलिस निरंकुश हो गई है। उन्होंने कहा कि सत्यम मिश्रा की हत्या के बाद भी आरोपितों को पकड़ा नहीं गया। चेतावनी दी कि यदि जल्द पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
प्रदर्शन के मद्देनजर हजरतगंज और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ पीएसी भी तैनात की गई थी। यातायात को भी कुछ देर के लिए डायवर्ट किया गया जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीबीआई जांच की मांग
आप नेताओं ने मांग की है कि सत्यम मिश्रा हत्याकांड की सीबीआई जांच कराई जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही दोषियों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द होनी चाहिए ताकि परिवार को न्याय मिल सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को शांति भंग न करने की हिदायत दी गई थी, लेकिन वे विधानसभा की ओर बढ़ने लगे, जिससे उन्हें एहतियातन हिरासत में लिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
ये है पूरा मामला
रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के शुक्लनपुरवा निवासी के सत्यम मिश्रा का शव रविवार सुबह घर के बाहर कुछ दूरी पर फंदे से लटकता पाया गया। मृतक के भाई अमित मिश्रा ने बताया कि सत्यम शनिवार रात करीब 12 बजे खाना खाने के बाद घर से शौच की बात कह कर निकला था। घंटों बीतने के बाद भी वो घर वापस नहीं आया तो खोज बीन शुरू की गई। रविवार सुबह तड़के घर से कुछ ही दूरी पर फंदे से लटकाता उसका शव मिला था। इस मामले में कोतवाली प्रभारी अंकित त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- लखनऊ विश्वविद्यालय की नई कुलसचिव बनीं डॉ. भावना मिश्रा, वित्त नियंत्रक पद अब भी खाली
यह भी पढ़ें- Politics : अमित शाह के केशव मौर्य को 'मेरा मित्र' कहने के सियासी मायने, कहीं पर निगाहें-कहीं पर निशाना
यह भी पढ़ें- प्रसव के बाद बिना सहमति कर दी महिला की नसबंदी, KGMU के पूर्व कुलपति समेत चार डॉक्टरों पर मुकदमा दर्ज