/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/21/sapa-akhilesh-2025-06-21-18-44-33.jpeg)
मीडिया से रूबरू सपा मुखिया अखिलेश यादव। Photograph: (सोशल मीडिया)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अपराधी खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं। प्रदेश में कोई कहीं भी सुरक्षित नहीं है। थानों के सामने हत्याएं हो रही हैं। गाजियाबाद में एफआईआर लिखाने गया, हत्या हो गई। महिलाएं, बेटियों के साथ जघन्य घटनाएं हो रही हैं। पुलिस वसूली करते पकड़ी जा रही है। हर जिले से वसूली और भ्रष्टाचार की शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के टॉप टेन माफियाओं की सूची तो जारी नहीं की। कम से कम इन्हें जिले-जिले के ही टॉप टेन माफियाओं की सूची जारी कर देनी चाहिए। पता चल जाए कि कन्नौज, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, कुशीनगर, वाराणसी, कौशाम्बी, मिर्जापुर और अन्य जिलों के टॉप टेन अपराधी कौन है?
हम प्राथमिक स्कूलों को बंद करने और उनके मर्जर के खिलाफ
सपा मुखिया अखिलेश यादव(akhilesh yadav) शनिवार को कन्नौज भ्रमण कार्यक्रम के दौरान मीडिया से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी(samajwadi party) प्राथमिक स्कूलों को बंद करने और उनके मर्जर के खिलाफ है। बच्चे और बच्चियां दूर के स्कूलों में कैसे पहुंचेंगे। सरकार के पास बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए आवागमन के क्या साधन हैं। जब स्कूल खोले गए थे, तब उद्देश्य था कि गरीब परिवारों के बच्चे आसानी से स्कूल पहुंच जाएं। सबको शिक्षा मिले। इसीलिए मिड-डे-मील योजना शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार षडयंत्र के तहत स्कूलों को बंद करना चाहती है। सरकार नौजवानों को नौकरी और आरक्षण नहीं देना चाहती है। स्कूल बंद करके शिक्षकों के पद खत्म करना चाहती है। भाजपा जानबूझकर स्कूलों को बंद कर गरीबों से शिक्षा, नौजवानों से नौकरी और पीडीए का आरक्षण छीनना चाहती है।
ट्रांसफर में वसूली को लेकर झगड़ा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। सड़कों के गड्ढामुक्त के नाम पर भारी भ्रष्टाचार हुआ। भ्रष्टाचार के पैसे के बंटवारे को लेकर सरकार में झगड़ा हो रहा है। ट्रांसफर में वसूली को लेकर झगड़ा है। कहीं मंत्री-अधिकारी में झगड़ा है तो कहीं जिलों में अधिकारियों-अधिकारियों में झगड़ा है। कानपुर में अधिकारियों के झगड़े में भाजपा के विधायक खेमों में बंट गए।
सीएम और डिप्टी सीएम भी लड़ रहे हैं
सपा मुखिया ने कहा कि सीएम और डिप्टी सीएम भी लड़ रहे हैं। यह अलग तरह की सरकार है। अभी तक इंजन टकरा रहे थे, अब तो डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं। बिजली विभाग में अलग झगड़ा चल रहा है। सरकार ने बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया लेकिन निजीकरण कर रही है। हरदोई में बिजली विभाग और स्वास्थ्य विभाग में झगड़ा चल रहा है। बिजली विभाग हरदोई मेडिकल कॉलेज को बिजली नहीं दे रहा है। मेडिकल कॉलेज में बिजली नहीं मिल रही है। मरीज परेशान हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया। कारोबार को बर्बाद कर दिया। महंगाई बढ़ा दी है। अब सरकार के जाने का समय आ गया है तो ट्रांसफर पोस्टिंग में उगाही शुरू हो गई है। अब तो आम जनता जनता जान गई है कि हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट चल रही है।
यह भी पढ़ें : UP News: अखिलेश यादव का ब्रजेश पाठक पर तंज, अब आप तीसरे नंबर पर भी नहीं रहे!
यह भी पढ़ें : UP News: पिछड़ों का हक लूटती है समाजवादी पार्टी : ओम प्रकाश राजभर
यह भी पढ़ें : UP News: शर्मनाक ...ये ऑपरेशन थिएटर है या लाफ्टर शो?