/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/05/YYXJoVx1KUGa8iHA5Lwf.jpeg)
उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने की मां के नाम पर पेड़ लगाने की अपील
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखनऊ के विकासखंड मोहनलालगंज की ग्राम पंचायत डेवरिया भरोसवा के मजरे भरोसवा में वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम से एक पौधा अवश्य लगाएं। उन्होंने इसे मां के प्रति एक अनमोल उपहार बताते हुए कहा कि इससे पेड़ के प्रति भावनात्मक जुड़ाव भी बनेगा और उसकी सुरक्षा का भाव भी उत्पन्न होगा।
लोगों को पौधों की सुरक्षा का दिलाया संकल्प
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पेड़ लगाना जरूरी है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी है उसकी देखभाल और संरक्षण। उन्होंने कहा कि पौधों की देखरेख बच्चों की तरह करें और वातावरण को स्वच्छ व सुरक्षित बनाने के लिए संगठित प्रयास करें। इस अवसर पर मौर्य ने स्वयं हरिशंकरी (बरगद, पाकड़, पीपल) का पौधा रोपित किया और लोगों को पौधों की सुरक्षा का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि मानव और पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं और इन दोनों का समन्वय ही पृथ्वी को बचा सकता है। उन्होंने कहा कि "वृक्ष धरा के आभूषण हैं, आइए मिलकर पृथ्वी मां को हरियाली से सजाएं।"
अमृत सरोवर एक शानदार पहल
उपमुख्यमंत्री ने सरकार के पर्यावरण और जल संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने अमृत सरोवर को एक शानदार पहल बताया लेकिन उसकी नियमित देखरेख पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अमृत सरोवर के पास बच्चों के खेलने की व्यवस्था की जाए और सुनिश्चित किया जाए कि सरोवर जल से लबालब रहे।
गांव को बनाया जाएगा आदर्श गांव
उपमुख्यमंत्री ने भरोसवा गांव को आदर्श गांव बनाने की घोषणा की। उन्होंने अमृत सरोवर को भी आदर्श सरोवर के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जोड़ने और उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु कैंप लगाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
सड़कों की मरम्मत नहीं तो होगी कार्रवाई
‘हर घर नल योजना’ के तहत पाइपलाइन डालने के कारण जिन सड़कों को क्षति पहुंची है, यदि उन्हें पूर्व रूप में नहीं बनाया गया तो जिम्मेदारों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध कब्जे की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाए।
सबका साथ-सबका विकास का दिया मंत्र
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने में गांवों का विकास बेहद जरूरी है। सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं गरीबों और वंचितों के लिए चलाई जा रही हैं, लेकिन लोग सुविधाओं के बावजूद परिश्रम करना न छोड़ें। उन्होंने कहा कि हमें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ मिलकर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।