मेयर साहब, कम से कम अपनी पत्नी की प्रतिमा का परिसर ही साफ करवा देते
नगर निगम 2023 के सर्वेक्षण में 131 वें स्थान पर पहुंच गया। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में कहां रहेगा ? यंग भारत की टीम ने सोमवार को महापुरुषों की प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया तो पाया प्रतिमाओं पर धूल-मिट्टी चिपकी हुई है और कबूतरों के बीट्स पड़े हुए हैं।
लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को स्वच्छता का संदेश देते रहते हैं। प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने के पश्चात भी प्रधानमंत्री मोदी ने स्वच्छता का संदेश दिया। बावजूद इसके मुरादाबाद नगर निगम सबक नहीं ले रहा है, जिसका नतीजा है कि 2022 में 95 वें स्थान पर रहने वाला नगर निगम 2023 के सर्वेक्षण में खिसक कर 131 वें स्थान पर पहुंच गया। अब देखना यह होगा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में मुरादाबाद नगर निगम कौन से पायदान पर रहता है? यंग भारत की टीम ने सोमवार को शहर भर में स्थापित चौराहों और सार्वजनिक स्थलों स्थापित महापुरुषों की प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया तो पाया उन पर धूल मिट्टी और कबूतर की बीट्स पड़ी हुई हैं। आस-पास के लोगों ने बताया कि जब इन महापुरुषों की जन्मतिथि अथवा पुण्य तिथि होती तब ही नगर निगम के कर्मचारी साफ-सफाई करने के लिए आते हैं।
पीली कोठी चौराहा स्थित सरदार बल्लभ भाई पटेल। Photograph: (हिमांशु शुक्ला)
Advertisment
पीली कोठी चौराहा : इस चौराहे पर सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा लगाई गई है। 15 दिसंबर को उनकी पुण्यतिथि थी। तब उनकी प्रतिमा की साफ-सफाई हुई थी। भाजपाईयों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया था। तब से आज वही सूखी माला उनके गले में लटक रही है। नगर निगम ने प्रतिमा के सफाई की जरूरत नहीं समझी।
कंपनी बाग स्थित पार्क में लगी मेयर विनोद अग्रवाल की पत्नी बीना अग्रवाल की प्रतिमा। Photograph: (हिमांशु शुक्ला)
बीना अग्रवाल : कंपनी बाग स्थित पार्क में लगी मेयर विनोद अग्रवाल की पत्नी बीना अग्रवाल की प्रतिमा कांच में बंद है। मगर परिसर के आस-पास साफ-सफाई का अभाव है। मेयर साहब कम से कम इसी परिसर की प्रतिदिन ढंग से सफाई करवा देते तो शहरवासियों में स्वच्छता का संदेश जाता।
Advertisment
गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा। Photograph: (हिमांशु शुक्ला)
गांधी पार्क : शहीद स्मारक पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित है। मगर दो अक्टूबर को जब गांधी जयंती होती है तब ही नगर निगम को यहां की याद आती है और आज भी इस प्रतिमा पर धूल मिट्टी चिपकी हुई है।
आंबेडकर पार्क में स्थापित महात्मा बुद्ध की प्रतिमा। Photograph: (हिमांशु शुक्ला)
आंबेडकर पार्क : शहर के आंबेडकर पार्क में महात्मा बुद्ध की प्रतिमा लगी हुई है। मगर यहां पर भी साफ-सफाई का आभाव है। यही हाल इस पार्क में आंबेडकर प्रतिमा का भी है, जिसे रंग रोगन सहित साफ-सफाई की जरूरत है।
फब्बारा चौराहे पर लगी शूरवीर महाराणा प्रताप की प्रतिमा। Photograph: (हिमांशु शुक्ला)
फब्बारा चौराहा : यहां पर शूरवीर महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगी है, जो हमें स्वतंत्रता का संदेश दे रही है। मगर प्रतिमा के साजो सज्जा की जरूरत नगर निगम महाराणा प्रताप की जयंती 9 मई को ही करना उचित समझता है। बाकी इस प्रतिमा पर भी धूल-मिट्टी जमी हुई है।
अटल घाट पर लगी पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी बाजपेई की प्रतिमा। Photograph: (हिमांशु शुक्ला।)
अटल घाट : कटघर रेलवे स्टेशन के पास देश के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी बाजपेई की प्रतिमा लगी हुई है। मगर यह प्रतिमा भी नगर निगम की उपेक्षा का शिकार है। केवल अटल जयंती पर ही नगर निगम इनकी सुध लेता है।
बरसात हुई होती तो शहर की प्रतिमाएं साफ हो जातीं। बसंत चल रहा है तो धूल मिट्टी उड़ती रहती है। अब आप ने याद दिलाया है। हम साफ-सफाई कराने के लिए नगर निगम को बोलते हैं।
विनोद अग्रवाल, महापौर, मुरादाबाद
Advertisment
हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!
विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें