मुरादाबाद, वाईबीएन संवाददाता।
शिवरात्रि आगामी 26 फरवरी को है। भगवान शंकर के भोले भक्त कांवड़ लेने आज से हरिद्वार को रवाना हो रहे हैं। आज शहर से कई जत्थे हरिद्वार की ओर प्रस्थान करेंगे। वहीं बीते दिवस बुधवार को हरथला, झांझनपुर, किसरौल, लाइनपार, बंगला गांव आदि मोहल्लों के मंदिरों में सभी कांवड़िये एकत्र हुए और विधि विधान से पूजा की गई। प्राचीन शिव मंदिर बालाजी ट्रस्ट झांझनपुर के जत्थे में 35 कांवड़िये शामिल रहे। कांवड़ियों ने मंदिर में पूजन किया।
यह भी पढ़ें: यंग भारत की खबर का असर, ट्रैफिक पुलिस की खुली नींद, हटाये गये बेतरतीब वाहन, काटा चालान
पुजारी पंडित केदारनाथ मिश्र ने उनको फूल मालाएं पहनाईं। मंदिर में नारियल चढ़ाने के बाद कांवड़ियों को तिलक लगाकर हरिद्वार के लिए रवाना किया गया। 25 फरवरी की शाम कांवड़िये मंदिर पहुंच जाएंगे। केदारनाथ मिश्र ने बताया कि मंदिर में जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है। इसलिए इस बार मंदिर परिसर में टेंट लगाया जाएगा। रंग-बिरंगी लाइटों से मंदिर में सजावट की जाएगी। 26 फरवरी की सुबह चार बजे से जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। झारखंडी महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी भोलेनाथ योगीराज ने बताया कि मंदिर परिसर में पुताई का कार्य चल रहा है। इसके अलावा पेंटिंग भी की जा रही है। महाशिवरात्रि पर मंदिर में फूलों से सजावट की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Moradabad: वार्ड-32, स्मार्ट सिटी में बदहाल जिंदगी
सुबह साढ़े तीन बजे से शुरू हो जाएगा जलाभिषेक
जलाभिषेक सुबह साढ़े तीन बजे से शुरू हो जाएगा। मंदिर परिसर में आठ सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। श्रद्धालु एक गेट से अंदर आएंगे और दूसरे से बाहर जाएंगे। दोपहर में खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा। 84 घंटा मंदिर किसरौल में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य पुजारी विष्णु दत्त शास्त्री ने बताया कि सुबह चार बजे से जलाभिषेक शुरू किया जाएगा। श्रद्धालुओं के आने और जाने की अलग-अलग द्वार से व्यवस्था की जाएगी। सेवादार भी व्यवस्थाएं संभालेंगे। फूलों की सजावट होगी।