ग्रेटर नोएडा, वाईबीएन संवाददाता।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने नोएडा और ग्रेटर नोएडा दौरे के दौरान दादरी के एनटीपीसी परिसर में महाराणा प्रताप स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने महाराणा प्रताप की वीरता, स्वाभिमान और स्वधर्म के प्रति उनके अद्वितीय समर्पण को याद करते हुए उन्हें सच्चा राष्ट्रनायक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे आदर्श और महान राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप, वीर शिवाजी और गुरु गोविंद सिंह जी महाराज हैं, ना कि अकबर या औरंगजेब। इस भव्य समारोह में सीएम योगी ने राणा सांगा की वीरता का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने गौतमबुद्ध नगर के लिए 1467 करोड़ रुपये की 97 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया, जो क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।
यह भी पढ़ें- CM Yogi in Noida : सीफी कंपनी के Data Center का किया उद्घाटन, बोले- यूपी देश में बड़े IT Hub के रूप में हुआ विकसित
महाराणा प्रताप के जीवन और उनके कृतित्व पर डाला प्रकाश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में महाराणा प्रताप के जीवन और उनके कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने स्वदेश और स्वधर्म के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया और स्वाभिमान को प्राथमिकता दी। 28 साल की उम्र में अकबर से युद्ध करने वाले महाराणा प्रताप ने हल्दीघाटी की प्रसिद्ध लड़ाई में 20 हजार सैनिकों के साथ लाखों की सेना का मुकाबला किया। सीएम योगी ने कहा कि हल्दीघाटी की लड़ाई ने महाराणा प्रताप को राष्ट्रनायक का दर्जा दिलाया और उन्होंने मेवाड़ के खोए हुए क्षेत्रों को वापस प्राप्त कर अकबर को घुटने टेकने पर मजबूर किया। उनका घोड़ा चेतक भी उनके प्रति अद्भुत स्वामिभक्ति का प्रतीक बना। हल्दीघाटी की मिट्टी आज भी तीर्थ स्थल के रूप में सम्मानित है।
यह भी पढ़ें- CM Yogi in Noida: इज ऑफ डूइंग बिजनेस में एक बड़ी छलांग लगाई, योगी बोले- UP शीर्ष उपलब्धि वाला राज्य
यूपी पर बरस रहा मां लक्ष्मी का आशीर्वाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में संपन्न महाकुम्भ और ब्रजभूमि में चल रहे होली उत्सव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 13 जनवरी से 26 फरवरी तक चले महाकुम्भ में 66 करोड़ 30 लाख लोग आए और इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई, जो हमारी संस्कृति और सुरक्षा का परिचायक है। ब्रजभूमि के रंगोत्सव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि विदेशी भी इस बात से आश्चर्यचकित हैं कि भारत में कोई भेदभाव नहीं, सभी रंगों में सराबोर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति अब समृद्धि और नए आस्थाओं के स्रोत बन रही है, और यूपी पर मां लक्ष्मी का आशीर्वाद बरस रहा है।
यह भी पढ़ें- Noida airport के पास बनेगा Uttar Pradesh का पहला semiconductor पार्क
1467 करोड़ की 97 परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
महाराणा प्रताप की प्रतिमा अनावरण के साथ ही मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर के विकास को गति देने वाली परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने 1467 करोड़ की लागत वाली 97 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जिसमें सड़क, पुल, औद्योगिक क्षेत्रों का विकास और अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा, प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों के तहत 14 इकाइयों को 617 करोड़ रूपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई।
यह अतिथि रहे मौजूद
इस अवसर पर मंत्री गोपाल गुप्ता नंदी, कुंवर बृजेश सिंह, सांसद महेश शर्मा, सुरेन्द्र नागर, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंन्द्र सिसोदिया, विधायक तेजपाल नागर, पंकज सिंह, एमएलसी श्रीचंद्र शर्मा, नरेन्द्र भाटी, धर्मेश सिंह तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी, चंद्रमोहन, अमित चौधरी, नरेश तोमर, विकास चौहान, सत्यपाल प्रधान, मनोज गुप्ता, गीता पंडित, मदन चौहान, वाईपी सिंह, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Greater Noida में अधिग्रहण से प्रभावित 20 गांवों के Farmer को छह फीसदी भूखण्ड देने की तैयारी