शाहजहांपुर,वाईबीएन संवाददाता
चैत्र नवरात्र रविवार से शुरू हो गए। दुर्गा माता मदमस्त चाल वाले गजराज (हाथी) पर सवार होकर प्रात: कालीन बेला में घर-घर पधार चुकीं हैं। अब नवरात्र में नौ दिनों तक चारों ओर भक्ति की बयार बहेगी। देवी मंदिर सजकर तैयार हैं, जयकारे गूंज रहे हैं। भक्तों ने घरों में घट स्थापित किए हैं। प्रथम दिन मां शैल पुत्री की पूजा की जा रही है। नवरात्र इस बार आठ दिनों के हैं। देवी मां की भक्ति में लीन भक्तों में अपार उत्साह नजर आ रहा है। क्योंकि नवरात्र के पहले दिन ही पंचग्रही योग का निर्माण हुआ है। आज बुधादित्य और मालव्य राजयोग भी बन रहे हैं। आठ दिन के नवरात्र में चार दिन रवि योग तीन दिन सर्वार्थ सिद्ध योग का संयोग रहेगा। ऐसे में माता का हाथी पर सवार होकर आना शुभ माना जाता है। ज्योतिष के अनुसार हाथी को सुख समृद्धि और शांति का प्रतीक माना गया है। माता भक्तों को यश वैभव, धन संपदा प्रदान करेंगी।
यह भी पढ़ें :महाशिवरात्रि: शिवालयों में जलाभिषेक को कतार, हरहर बमबम से गूंज उठे शिवालय
शाहजहांपुर के मंदिरों में गूंजे माता के जयकारे, भक्तों की उमड़ी भीड़
शाहजहांपुर शहर के प्रमुख मंदिरों में नवरात्र के प्रथम दिन की प्रातःकालीन बेला से ही माता के जयकारे गूंज रहे हैं। भक्त पहले दिन मां शैल पुत्री की पूजा कर रहे हैं। फूलमती माता मंदिर, मंडी स्थित दुर्गा मंदिर, गायत्री मंदिर, प्राचीन कली मंदिर, बाबा विश्वनाथ मंदिर, वनखंडी नाथ मंदिर, खीरी बाग काली मंदिर समेत माता के सभी मंदिरों में श्रद्धापूर्वक पूजा अर्चना की जा रही है। भक्तों का कहना है कि आठ दिनों तक उपवास रखकर पूजा अर्चना की जाएगी।
प्रशासन सख्त, मंदिरों के आसपास रहेगी वैदिक शुद्धता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश के बाद जिला प्रशासन सख्त है। मंदिरों के आसपास वैदिक शुद्धता बनाए रखने के लिए निरीक्षण किया जा रहा है। मंदिरों के आसपास कहीं भी मछली-मांस बिक्री तो नहीं हो रही अधिकारी अपनी निगरानी में निरीक्षण कर देख रहे हैं। मंदिरों के आसपास पुलिस भी निगरानी कर रही है। भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए नगर निगम के अधिकारी सफाई कर्मचारियों के अमले के साथ जुटे हैं।
यह भी पढ़ें:प्रदेश सरकार के 8 वर्ष पूरे होने पर "सेवा, सुरक्षा और सुशासन" समारोह में निपुण विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मान
यह भी पढ़ें :आर्य महिला महाविद्यालय में रेंजर शिविर के दूसरे दिन राष्ट्रसेवा और एकता का संदेश