/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/13/6314470088790625190-2025-07-13-19-11-39.jpg)
शिवालयों में जलाभिषेक की तैयारियां पूरी Photograph: (वाईबीएन नेटवर्क)
शाहजहांपुर वाईबीएन संवाददाता। शाहजहांपुर। श्रावण मास की पहली सोमवारी सोमवार को है। शिवभक्तों में खासा उत्साह है। जिले के प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक और दर्शन को लेकर भक्ति भाव उमड़ रहा है। मंदिरों में सफाई, रंगाई-पुताई, फूलों से सजावट और रुद्राभिषेक की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं।
/filters:format(webp)/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/13/6314470088790625193-2025-07-13-19-23-05.jpg)
सावन सोमवार को लेकर शाहजहांपुर के प्रमुख शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, जलाभिषेक और भजन-कीर्तन की व्यवस्था की गई है।
बनखंडीनाथ मंदिर : जिले का प्राचीनतम शिव मंदिर, जहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचते हैं।
बाबा त्रिलोकीनाथ मंदिर : ग्रामीण आस्था का केंद्र। मान्यता है कि यहां जल चढ़ाने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
बाबा चौकसी नाथ मंदिर: नगर क्षेत्र का प्रमुख मंदिर, जहां भव्य झांकी और शोभायात्रा की तैयारियां की गई हैं।
रोजा महादेव मंदिर: कांवड़ियों का मुख्य पड़ाव, विशेष रात्रि जागरण और शिव पुराण पाठ की व्यवस्था है।
बाबा विश्वनाथ मंदिर : यहां शक्ति और शिव की संयुक्त आराधना होती है। महिलाओं की बड़ी संख्या जलाभिषेक के लिए पहुंचती है।
नागेश्वर महादेव (तिलहर), शिवदासपुर महादेव, चौराहे वाला शिव मंदिर (जलालाबाद), बंसी महादेव (कांट), ददरौल शिवालय, सिद्धनाथ मंदिर (जलालाबाद रोड), रामलीला मैदान स्थित शिव मंदिर, भटियाना महादेव (कांट रोड) जैसे मंदिरों में भी तैयारी पूरी है। श्रद्धालुओं की संख्या और कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने शहर और मंदिरों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
/filters:format(webp)/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/13/6314470088790625192-2025-07-13-19-20-22.jpg)
एसपी राजेश द्विवेदी ने स्वयं कांवड़ मार्ग और प्रमुख शिवालयों का निरीक्षण किया।
खिरनीबाग चौराहे पर पुलिस कैंप स्थापित कर निगरानी की जा रही है।
बरेली मोड़ पर मेडिकल कैंप में स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात है।
CCTV कैमरे, बैरिकेडिंग और ड्रोन से भीड़ पर निगरानी रखी जा रही है।
महिला पुलिस और होमगार्ड को प्रमुख मंदिरों के पास लगाया गया है।
चौक, रोजा, कांट, जलालाबाद, तिलहर मार्ग और कांवड़ियों के मार्गों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सेवा शिविर लगाए हैं। यहां जलपान, फल, ओआरएस और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था है। पूजा सामग्री की दुकानों पर बेलपत्र, गंगाजल, भस्म, धतूरा, रुद्राक्ष, भांग और श्रृंगार सामग्री की खरीदारी जोरों पर है। श्रद्धालु भक्ति भाव से मंदिरों की ओर रुख कर रहे हैं। शहर की गलियां हर हर महादेव और बोल बम के नारों से गूंज रही हैं।
पुलिस प्रशासन की शांति बनाएं रखने की अपील
प्रशासन ने आमजन से शांति, सहयोग और संयम बनाए रखने की अपील की है। तेज आवाज में डीजे बजाने या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचने के निर्देश दिए गए हैं कल सुबह से ही मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगेगी। जलाभिषेक की व्यवस्था हेतु मंदिरों में अलग-अलग कतारें, जल पात्र और फूल-प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।