/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/25/neeraj-chopra-2025-06-25-10-04-17.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन स्पोर्ट्स।दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने चेक गणराज्य में आयोजित ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। नीरज ने तीसरे दौर में 85.29 मीटर का थ्रो किया , जिसे कोई भी एथलीट पार नहीं कर सका। साउथ अफ्रीका के डोव स्मिट ने दूसरे स्मिट ने दूसरे राउंड में 84.12 मीटर का भाला फेंका, जो छह राउंड में उनका सबसे बेहतर प्रदर्शन था। वे इस प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहे। वहीं ग्रेनेडा के पीटर एंडर्सन 83.63 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
2018 में छठे स्थान पर रहे थे
नीरज चोपड़ा ने इससे पहले 2018 में ओस्ट्रावा में आयोजित IAAF कॉन्टिनेंटल कप में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने 80.24 मीटर के थ्रो के साथ छठा स्थान प्राप्त किया था। हालांकि, ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक में यह उनकी पहली भागीदारी थी। इस इवेंट का समापन उन्होंने एक फाउल थ्रो के साथ किया, लेकिन इसके बावजूद विश्व चैंपियन नीरज अपने प्रदर्शन से संतुष्ट होंगे, क्योंकि उन्होंने पेरिस डायमंड लीग के बाद लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया है। यह इस सीज़न की उनकी पांचवीं प्रतियोगिता थी। नीरज ने साल की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में हुए एक इन्विटेशनल मीट से की थी, जहां उन्होंने 84.52 मीटर का थ्रो कर जीत दर्ज की थी।
दोहा में पार की 90 मीटर की सीमा
नीरज चोपड़ा ने अपने डायमंड लीग सीजन की शुरुआत दोहा में की, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 90.23 मीटर की थ्रो के साथ पहली बार 90 मीटर का आंकड़ा पार किया। यह उनके पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 89.94 मीटर से बेहतर था। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के बावजूद, नीरज को जर्मनी के जूलियन वेबर से हार का सामना करना पड़ा, जिन्होंने 91.06 मीटर की थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद नीरज ने पोलैंड के चोरज़ोव में जानूस कुसोसिन्स्की मेमोरियल में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने 84.14 मीटर की थ्रो फेंकी, लेकिन एक बार फिर वेबर (86.12 मीटर) से पीछे रहकर दूसरे स्थान पर रहे।
हालांकि, पेरिस डायमंड लीग में नीरज ने शानदार वापसी की और आखिरकार वेबर को मात दी। उन्होंने 88.16 मीटर की अपनी पहली ही थ्रो के साथ बढ़त बनाई और प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल किया।
neeraj chopra