नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क: दिल्ली पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजधानी में अवैध रूप से रह रहे 66 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। ये सभी नागरिक कई वर्षों से बिना वैध दस्तावेजों के उत्तर-पश्चिम दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में रह रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों को अब कानूनी प्रक्रिया के तहत उनके देश – बांग्लादेश – वापस भेजने की कार्रवाई तेज़ी से की जा रही है।
सभी अवैध रूप से हुए थे भारत में शामिल
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि इन सभी विदेशी नागरिकों की पहचानऔर कागजातों की जांच का काम विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के साथ मिलकर किया जा रहा है। ये सभी लोग अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे और वीजा, पासपोर्ट और आप्रवासन कानूनों का गंभीर उल्लंघन कर रहे थे। अधिकारी ने बताया कि एफआरआरओ इन सभी के निर्वासन से पहले सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रहा है, जिनमें पहचान का सत्यापन, राष्ट्रीयता की पुष्टि और दस्तावेज तैयार करना शामिल है। पुलिस के अनुसार, इन लोगों पर अवैध रूप से भारत में रहने, झूठे दस्तावेजों का इस्तेमाल करने और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने जैसे गंभीर आरोप बनते हैं।
कार्यवाई खुफिया सूचनाओं के आधार पर हुई
सूत्रों की मानें तो यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई है। दिल्ली पुलिस और एफआरआरओ की संयुक्त टीमें ऐसे विदेशी नागरिकों की पहचान में जुटी हुई हैं जो बिना वैध अनुमति के देश में रह रहे हैं। दिल्ली में इस तरह की कार्रवाई पहली बार नहीं हुई है। बीते वर्षों में भी कई बार बांग्लादेशी और अन्य विदेशी नागरिकों के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई की जाती रही है। लेकिन एक साथ 66 लोगों की गिरफ्तारी को बड़ी और संगठित कार्रवाई माना जा रहा है।
भारत की नीति देश में अवैध रूप से रह रहे लोगों को चिह्नित करना
अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजधानी की सुरक्षा और जनसंख्या प्रबंधन के लिहाज से इस प्रकार की कार्यवाहियां जरूरी हैं। भारत सरकार की स्पष्ट नीति है कि देश में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकोंको चिह्नित कर उन्हें मूल देश वापस भेजा जाए, ताकि कानून-व्यवस्था पर असर न पड़े। इस कार्रवाई के बाद अन्य इलाकों में भी ऐसे अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान तेज़ किए जाने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों या विदेशी नागरिकों की सूचना स्थानीय थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर दें। delhi police