/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/28/yamuna-flood-2025-08-28-07-18-57.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क।दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने यमुना नदी का जलस्तर 206 मीटर के निशान तक पहुंचने की आशंका के बीच पुराने रेलवे पुल (पुराना लोहा पुल) पर मंगलवार शाम से यातायात बंद करने का आदेश दिया है। उधर, सोमवार सुबह हथनी कुंड बैराज से 3,29313 क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा गया है, जो मंगलवार को शाम तक दिल्ली पहुंचेगा, जिससे पानी का स्तर खतरे के निशान को पार सकता है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार द्वारा केन्द्रीय जल आयोग के साथ समनन्वय स्थापित किया गया है।
तेजी से बढ़ रहा है यमुना का जलस्तर
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण सोमवार शाम पांच बजे पुराने रेलवे पुल पर नदी का जलस्तर 204.94 मीटर तक पहुंच गया। दिल्ली के लिए चेतावनी का निशान 204.50 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है। जलस्तर 206 मीटर तक पहुंचने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजना शुरू कर दिया जाता है। डीडीएमए द्वारा जारी आदेश में कहा गया है, "यमुना नदी में जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बढ़ने के कारण संभावित बाढ़ को देखते हुए, आपको दो सितंबर शाम पांच बजे से पुल पर यातायात और सार्वजनिक आवाजाही बंद करने का निर्देश दिया जाता है।" यह आदेश दिल्ली पुलिस और रेलवे अधिकारियों को भेजा गया।
50 घंटों में दिल्ली पहुंचता है हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी
दिल्ली के सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग ने स्पष्ट किया है कि हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी लगभग 50 घंटों में दिल्ली पहुंचता है। यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विभाग द्वारा दिल्ली में निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी है। उधर, सिंचाई निर्माण खंड, गाजियाबाद के अधिशासी अभियंता ने सूचना जारी करते हुए कहा कि हथनीकुंड से तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार द्वारा केन्द्रीय जल आयोग के साथ समनन्वय स्थापित किया गया है। इसके अलावा केन्द्रीय फ्लड कंट्रोल रूम द्वारा भी लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होने कहा कि दिल्ली के सभी निवासियों की सुरक्षा हमारी प्रथमिकता है और सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। : Yamuna | Yamuna in New Delhi | Yamuna live update | Yamuna flood 2025