/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/04/cbse-scholarship-2-2025-09-04-10-29-20.png)
Listen to this article
0.75x1x1.5x
00:00/ 00:00
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क: राजधानी दिल्ली इन दिनों लगातार बारिश और बाढ़ की स्थिति से जूझ रही है। इसी बीच अलीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक फ्लाईओवर का हिस्सा भारी बारिश के कारण ढह गया। फ्लाईओवर पर एक बड़ा गड्ढा बन गया, जिसमें एक ऑटो रिक्शा फंस गया। हादसे में ड्राइवर घायल हो गया जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
4 से 5 फीट गहरा गड्ढा हुआ
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क को बंद कर दिया गया। लेन को डायवर्ट कर दिया गया है ताकि अन्य वाहन उस दिशा में न जाएं। बताया जा रहा है कि फ्लाईओवर पर बने गड्ढे के आसपास कई दरारें दिखाई दे रही हैं। यह गड्ढा करीब 4 से 5 फीट गहरा है, जबकि फ्लाईओवर की ऊंचाई जमीन से लगभग 30 से 40 फीट है। उधर, दिल्ली और एनसीआर में बीते कई दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सितंबर में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना जताई है। अब तक सितंबर के पहले तीन दिनों में ही 58.1 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि पूरे महीने की औसत बारिश (129.6 मिमी) का लगभग एक-तिहाई है।
सामान्य से अधिक हुई वर्षा
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस साल सितंबर में दिल्ली समेत पूरे भारत में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। 2024 में सितंबर में दिल्ली में 192.5 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो सामान्य से 56% अधिक थी। वहीं 2022 में यह आंकड़ा 121.7 मिमी रहा था। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश की मात्रा मानसून ट्रफ और चक्रवाती गतिविधियों पर निर्भर करती है। इस बार भी औसत से ज्यादा (लगभग 140-150 मिमी या उससे अधिक) वर्षा की उम्मीद की जा रही है।
बारिश से जन जीवन हुआ प्रभावित
बुधवार सुबह दिल्ली में तेज धूप थी, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और घने बादलों के बीच तेज बारिश शुरू हो गई। इससे कई इलाकों में जलभराव हो गया और यातायात बाधित हुआ। लोगों को जाम और सड़कों पर भरे पानी से खासा परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही, हवाई यात्राओं पर भी बारिश का असर दिखा है और कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एयरलाइनों ने यात्रियों से अपडेट रहने की अपील की है।
Advertisment