/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/10/AbFDZIz46e4ujkdVLbDW.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। ओडिशा के गजपति जिले में महिलाओं ने एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। महिलाओं ने एक 60 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी और उसके शव को जलाने का प्रयास भी किया है। व्यक्ति का शव आंशिक रूप से जल गया है। मृत व्यक्ति पर विधवा और बुजुर्ग महिलाओं के साथ अश्लील हरकत करने और उनका यौन शोषण करने का आरोप था।
लंबे समय से यौन शोषण के आरोप का सामना कर रहा था कांबी
गजपति जिले के मोहन थाना क्षेत्र के कुईहुड़ु गांव में 60 वर्षीय कांबी मलिक की कुछ महिलाओं ने बेरहमी से हत्या कर दी और शव को आंशिक रूप से जला दिया। कांबी पर लंबे समय से गांव की महिलाओं, खासकर विधवाओं और बुजुर्ग महिलाओं के साथ अश्लीलता और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे थे।
पंचायत में दी गई चेतावनी का भी असर नहीं हुआ
गांव में उसकी गंदी हरकतों से लोग परेशान थे, और कई बार बैठकों में चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन उसका रवैया नहीं बदला। कांबी मलिक की हरकतें बदस्तूर जारी रहने से महिलाएं खौफ में जी रही थी और चेतावनी बेअसर रहने से लोग लाचार अनुभव करने लगे थे।
एक महिला ने कहा, दुष्कर्म का प्रयास करने पर उसने किया हमला
पूछताछ में एक महिला ने बताया कि कांबी मलिक ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की थी। जिसके बाद उसने गुस्से में धारदार हथियार से हमला किया। घटना के पांच दिन बाद उसकी बेटी ने मोहन थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची। इसके बाद पुलिस को कांबी का अधजला शव गांव से दो किलोमीटर दूर जंगल में मिला।
कई महिलाओं ने बताया सामाजिक डर से खुलकर नहीं बोल पाए
कई महिलाओं के अनुसार, सामाजिक डर और बदनामी के डर से वे खुलकर नहीं बोल पाईं, लेकिन आखिरकार महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और इस खौफनाक घटना को अंजाम दे दिया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।