Advertisment

Mumbai: महाराष्ट्र में भारी बारिश से तबाही: 5 दिन में 21 मौतें, जनजीवन प्रभावित

महाराष्ट्र में भारी बारिश से पिछले 5 दिनों में 21 लोगों की मौत, जनजीवन अस्त-व्यस्त। जानें कौन-कौन से जिले प्रभावित और क्या कदम उठाए सरकार ने।

author-image
Dhiraj Dhillon
Mumbai Rain
Listen to this article
0.75x1x1.5x
00:00/ 00:00

मुंबई, आईएएनएस। महाराष्ट्र में पिछले पांच दिनों से हो रही भारी बारिश का कहर लगातार जारी है। इस बीच राज्यभर में अलग-अलग जिलों से दुर्घटनाओं और हादसों की खबरें आ रही हैं। 15 अगस्त से लेकर 19 अगस्त तक के 5 दिनों में राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 21 लोगों की मौत हुई है, जबकि 10 लोग घायल हुए। इसके अलावा 11 पशुओं की भी मौत हुई है। 

नांदेड़ जिले में सबसे ज्यादा सात मौतें 

जिलावार जानकारी के अनुसार, नांदेड में 7 लोगों की मौत हुई है। मुंबई उपनगर और यवतमाल में दो-दो लोगों की जान गई। इसके अलावा नागपुर, वाशिम, बुलढाणा, अमरावती, भंडारा, अकोला, बीड, मुंबई सिटी, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। लगभग 5 दिन से पूरे महाराष्ट्र में बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित किया है। भारी जलभराव, यातायात अवरोध और लोगों के घरों में पानी घुसने की घटनाओं से हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। इस बीच मुंबई मोनोरेल सेवा भी बाधित हुई थी, जो अब दोबारा बहाल कर दी गई है। 

ठाणे में दो दिनों की बारिश से बिगड़े हालात

ठाणे जिले के भिवंडी शहर में बीते दो दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने हालात बिगाड़े हैं। 18 अगस्त को 147 मिमी और 19 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक 126 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे बुरी स्थिति खडिपार इलाके में देखने को मिली, जहां घरों के अंदर तक पानी घुस गया। इसके अलावा, मीरा-भायंदर वसई-विरार में भी बारिश ने हाल बेहाल किया है। पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत आने वाले तुलिंज पुलिस स्टेशन में भारी बारिश के कारण पानी दफ्तर तक पहुंच गया। नालासोपारा के अन्य इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। 

पालघर में बांधों का जलस्तर बढ़ा 

पालघर जिले में लगातार बारिश के कारण नदियों और बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सूर्या परियोजना के धामणी और कवडास बांधों से सूर्या नदी में 17,000 क्यूसेक पानी का विसर्जन शुरू हो गया है। साथ ही, मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले मध्य वैतरणा, तानसा और मोडकसागर बांधों से भी पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे के गांवों को सतर्क रहने का अलर्ट जारी किया है। एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूल और कॉलेजों को छुट्टी दे दी गई है। 

Advertisment

डिप्टी सीएम ने जनता से की अपील 

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने राज्य में हो रही भारी बारिश को लेकर जनता से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सरकार लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और पुलिस अलर्ट पर है। उन्होंने यह भी बताया कि चेंबूर में मोनोरेल रेस्क्यू के तहत लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। उपमुख्यमंत्री ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की। 

heavy rain alert | Heavy Rainfall | Mumbai Heavy Rain | Mumbai heavy rainfall | mumbai heavy rains | mumbai news | maharashtra news

maharashtra news mumbai news mumbai heavy rains Mumbai heavy rainfall Mumbai Heavy Rain Heavy Rainfall heavy rain alert
Advertisment
Advertisment