छत्तीसगढ़, वाईबीएन नेटवर्क
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को खत्म करने के लिए चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशंस में सुरक्षा बलों को लगातार बड़ी सफलता मिल रही है। खासकर साल 2025 में नया साल नक्सलियों के लिए भारी साबित हुआ है। जवानों के दबाव के कारण नक्सली लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं, और कई मुठभेड़ों में मारे जा रहे हैं। बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में रविवार को एक भीषण मुठभेड़ में 31 नक्सली ढेर हुए। यह ऑपरेशन DRG, STF और बस्तर फाइटर के जवानों द्वारा चलाया गया था। 2025 की शुरुआत में ही, 49 नक्सली मारे जा चुके थे।
इसे भी पढ़ें- Naxal Encounter : छत्तीसगढ़ के बीजापुर में मारे गए 31 नक्सली, 2 जवान शहीद
बस्तर संभाग को नक्सलमुक्त बनाने का लक्ष्य
बस्तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ अभियान 2026 तक नक्सलवाद मुक्त करने के लक्ष्य से चलाया जा रहा है। लगातार नक्सलियों का सामना करते हुए जवानों को बड़ी सफलता मिल रही है, जिससे नक्सलियों के कब्जे वाले क्षेत्रों में उनकी स्थिति कमजोर होती जा रही है। भाजपा सरकार के तहत अब तक 268 नक्सली मारे गए हैं, 750 नक्सली सरेंडर कर चुके हैं और 1000 से अधिक नक्सलियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
नक्सलियों की संख्या में लगातार गिरावट
गृहमंत्री अमित शाह ने 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है, जो कि वर्तमान गति को देखकर समय से पहले भी पूरा हो सकता है। 2024 में 219 नक्सली मारे गए थे, जबकि 2025 में 80 नक्सली मारे गए हैं। इन आंकड़ों में बीजापुर और बस्तर संभाग में सबसे ज्यादा मुठभेड़ें हुई हैं।
इसे भी पढ़ें- Chhattisgarh Naxal Encounter : मुठभेड़ में मारा गया एक करोड़ का इनामी नक्सली, जानिए कौन है जयराम उर्फ चलपति
मुठभेड़ों में हुई प्रमुख सफलताएं
- 5 जनवरी 2025 को 5 नक्सली मारे गए
- 16 जनवरी 2025 को बीजापुर जिले के पुजारी कांकेर और मारुड़बाका के जंगल में 18 नक्सली ढेर किए गए।
- 21 जनवरी 2025 को गरियाबंद जिले में 18 नक्सली मारे गए।
- 16 अप्रैल 2024 को कांकेर में पुलिस नक्सली मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए थे।
- 4 अक्टूबर 2024 को अबूझमाड़ के जंगल में 35 नक्सली मारे गए, यह मुठभेड़ देश में अब तक की सबसे बड़ी पुलिस-नक्सली मुठभेड़ मानी जा रही है।
- 22 नवंबर 2024 को सुकमा जिले के थाना भेज्जी क्षेत्र में 10 नक्सली ढेर हुए थे।
यह सभी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार प्रभावी हो रहा है, और इस दिशा में उल्लेखनीय सफलता मिल रही है।
इसे भी पढ़ें-Encounter on Chhattisgarh-Odisha border : छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर मुठभेड़, 14 से अधिक नक्सली ढेर