/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/17/befunky-collage-2025-08-17-10-23-04.jpg)
मुंबई, वाईबीएन डेस्क: जन्माष्टमी के अवसर पर शनिवार को दही हांडी उत्सव के दौरान दो 'गोविंदा' की जान चली गई। घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल में 14 वर्षीय रोहन मोहन मालवी को मृत घोषित कर दिया गया। रोहन अंधेरी पूर्व के आदर्श नगर में एक टेम्पो में बैठा हुआ अचानक बेहोश हो गया था। अधिकारियों के अनुसार, उसे हाल ही में पीलिया हुआ था, जिस वजह से उसने इस बार दही-हांडी फोड़ने में हिस्सा नहीं लिया था।
दही हांडी बांधते समय हुआ हादसा
इससे पहले मानखुर्द इलाके में 32 वर्षीय जगमोहन शिवकिरण चौधरी की मौत हो गई थी। वह महाराष्ट्र नगर स्थित अपने घर की पहली मंजिल की खिड़की से रस्सी के सहारे दही हांडी बांधने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक नीचे गिर गए। उन्हें शताब्दी गोवंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
100 से अधिक हुए घायल
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि रात नौ बजे तक शहर में 100 लोग दही हांडी उत्सव के दौरान घायल हुए। इनमें से 76 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जन्माष्टमी पर महाराष्ट्र में धूमधाम से दही हांडी का आयोजन होता है। इसमें 'गोविंदा' पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर लटकी हुई दही और मक्खन से भरी मटकी फोड़ने की कोशिश करते हैं।