कन्नौज, वाईबीएन नेटवर्क। कन्नौज में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक को जान से मारने की धमकी मिली है। सुब्रत पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता जमशेद खान पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पाठक ने रविवार को फेसबुक पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि अफगानिस्तान के बामियान में भगवान बुद्ध की 2000 वर्ष पुरानी प्रतिमा को तालिबान द्वारा तोड़े जाने पर दिए गए उनके बयान को लेकर जमशेद खान ने उन्हें गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में धमकी का स्क्रीनशॉट भी साझा किया है।
बोले- रोज मिलती हैं मुझे धमकियां
पूर्व सांसद ने लिखा, "ऐसी धमकियाँ मुझे रोजाना मिलती हैं। सपा कार्यकर्ता लगातार इस तरह की भाषा का प्रयोग करते हैं।" उन्होंने सवाल उठाया कि जब करणी सेना के एक कार्यकर्ता द्वारा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को धमकी दिए जाने पर तत्काल कार्रवाई हुई थी, तो फिर सपा कार्यकर्ताओं द्वारा दी जा रही धमकियों पर क्या कदम उठाए जाएंगे?
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
सुब्रत पाठक ने
akhilesh yadav पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल अपने परिवार के सशक्तिकरण की चिंता करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि
अखिलेश यादव "PDA" (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समुदाय की बात तो करते हैं, लेकिन बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल में पीडीए समुदाय पर हो रहे अत्याचारों पर चुप्पी साध लेते हैं। वक्फ संसोधन मामले में भी सपा नेता
अखिलेश यादव को घेरने का प्रयास किया। उन्होंने कहा सपा मुस्लिम परस्त हो गई है। वक्फ जमीनों पर कब्जा करता रहा है, उसके बाद भी ये कट्टरपंथियों के समर्थन में खड़े हो गए।
राहुल गांधी पर भी हमलावर
सुब्रत पाठक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, "जो लोग पीढ़ियों से संविधान का अपमान करते आए हैं, वे ही आज संविधान की दुहाई दे रहे हैं, जो बेहद हास्यास्पद है।" भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक अक्सर चर्चाओं में रहते हैं। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष नेहा त्रिपाठी ने गंभीर आरोप लगाए थे और हत्या के लिए सुपारी दिए जाने तक की बात कही थी।