Advertisment

UP का लुटेरा दूल्हा: 9 लड़कियों से प्यार, शादी और फिर करोड़ों की ठगी!

उत्तर प्रदेश में लुटेरे दूल्हे का चौंकाने वाला मामला। उसने 9 लड़कियों से शादी कर उनके नाम पर करोड़ों का लोन लिया और फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जानें पूरी खबर।

author-image
Vibhoo Mishra
एडिट
up
Listen to this article
0.75x1x1.5x
00:00/ 00:00

सोनभद्र, वाईबीएन नेटवर्क।

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने 9 लड़कियों से शादी कर उनके नाम पर करोड़ों रुपये का लोन लिया और फिर फरार हो गया। यह 'लुटेरा दूल्हा' महिलाओं को प्यार के जाल में फंसाकर शादी करता, फिर उनके भरोसे का फायदा उठाकर बैंक से लोन निकलवाता और बाद में गायब हो जाता। पुलिस अब इस शातिर ठग की तलाश में जुटी है, जिसने शादी को ठगी का धंधा बना लिया था।

प्यार, शादी और ठगी का प्लान

राजन गहलोत नाम का यह शख्स बेहद चालाकी से अपने शिकार का चुनाव करता था। वह खास तौर पर सरकारी नौकरी करने वाली तलाकशुदा या अविवाहित महिलाओं को निशाना बनाता था। खुद को आबकारी विभाग का कर्मचारी बताकर वह महिलाओं का भरोसा जीतता और फिर धीरे-धीरे शादी की बात करता।

शादी के बाद वह अपनी पत्नी के नाम पर बैंक से मोटा लोन निकलवाता और फिर अचानक गायब हो जाता। जब तक महिलाएं कुछ समझ पातीं, वह दूसरी महिला को फंसाने में जुट जाता था।

ऐसे खुली पोल

संत कबीर नगर की सहायक शिक्षिका किरण इस ठग की सबसे बड़ी शिकार बनी। 2019 में किरण की मुलाकात राजन से हुई थी। उसने खुद को आबकारी विभाग में कार्यरत बताया और यह भी कहा कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। दोनों की बातचीत बढ़ी और 2022 में वाराणसी के एक मंदिर में शादी कर ली। शादी के कुछ ही महीनों बाद राजन ने किरण को 42 लाख रुपये का लोन लेने के लिए मनाया। उसने कहा कि उसे घर बनाने के लिए पैसे की जरूरत है और बाद में वह लोन चुका देगा। किरण को उस पर पूरा भरोसा था, इसलिए उसने कर्ज ले लिया। 

Advertisment

लेकिन कुछ समय बाद राजन ने कहा कि उसका ट्रांसफर ललितपुर हो गया है और वह वहीं रहेगा। जब किरण उससे मिलने ललितपुर पहुंची तो सच्चाई सामने आई। जब उसने आबकारी विभाग में जाकर राजन के बारे में पूछा, तो वहां किसी ने भी उस नाम के किसी कर्मचारी के बारे में नहीं सुना था। इसके बाद किरण को एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है। उसने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

9 शादियां, करोड़ों की ठगी

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि राजन ने सिर्फ किरण के साथ ही नहीं, बल्कि 8 अन्य महिलाओं के साथ भी यही खेल खेला था। 2014 में उसने पहली शादी आंबेडकर नगर की एक शिक्षिका सरिता से की थी। शादी के बाद एक बच्चा भी हुआ, लेकिन कुछ समय बाद विवाद हुआ और 2016 में सरिता ने राजन के खिलाफ FIR दर्ज कराई। इसके बाद उसने अलग-अलग जिलों में 8 और महिलाओं को अपने जाल में फंसाया, उनसे शादी की और फिर उनके नाम पर लोन लेकर फरार हो गया।

अब कहां है लुटेरा दूल्हा?

राजन गहलोत इस वक्त फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस को शक है कि उसने इससे भी ज्यादा महिलाओं को ठगा हो सकता है। अब पुलिस तेजी से उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही बैंक लोन के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने कुल कितनी महिलाओं से धोखाधड़ी की है। अगर यह शख्स पकड़ा जाता है, तो यह उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े शादी-ठगी घोटालों में से एक बन सकता है।

crime news crime latest story fraud Crime Investigation Crime
Advertisment
Advertisment