/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/07/fa00XQMHMl8jZaTfLshy.jpg)
बरेली,वाईबीएनसंवाददाता
बरेली। समाज और कानून समलैंगिक संबंधों को मान्यता नहीं देता है, लेकिन समलैंगिक अपनी जान देकर भी एक-दूसरे का साथ निभाने की कोशिश करते हैं। ऐसा ही एक मामला शीशगढ़ थाना क्षेत्र में सामने आया है। जहां सहेली से शादी न हो पाने पर एक महिला ने घर में फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। हालांकि पति ने महिला को परेशान करने के आरोप में उसकी सहेली समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शीशगढ़ क्षेत्र की दो सहेलियों के बीच हो गए थे समलैंगिक संबंध
बरेली जिले के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले युवक की शादी नौ साल पहले हुई थी। उसकी आठ साल की बेटी है। युवक ने बताया कि पत्नी सिलाई का काम करती थी। करीब दो साल पहले गांव की एक युवती सिलाई सीखने के लिए पत्नी के पास आने लगी। इस दौरान दोनों के बीच समलैंगिक संबंध हो गए। दोनों शादी करना चाहती थीं। वह विरोध करता तो पत्नी खुद को घायल कर लेती थी।
इसे भी पढ़ें-महिला दिवस: एक सशक्त महिला ही परिवार और समाज को नई दिशा देने में सक्षम
सहेली से अलग होने पर मायके में छत से लगाई छलांग
युवक ने ससुरालवालों से शिकायत में आकर उसे अपने घर ले गए। मायके में भी वह शांति से नहीं रही। सहेली से अलग होने पर एक दिन घर की छत से नीचे कूद गई, जिससे उसे काफी चोट आई। उसका तीन महीने इलाज चला। इसके बाद मायके वालों ने उसे ससुराल भेज दिया। युवक के मुताबिक पत्नी उस पर दूसरी शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि वह खुद अपनी सहेली से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। सहेली से शादी नहीं होने की वजह से उसने आत्महत्या कर ली। युवक को इसकी जानकारी तब हुई जब छह मार्च की शाम वह रुद्रपुर से अपने घर लौटा।
इसे भी पढ़ें-Bareilly : नुक्कड़ नाटक के जरिये बताए नशे के नुकसान
पति ने मृतका की सहेली समेत चार के खिलाफ लिखाई रिपोर्ट
मृतका के पति ने गांव की रहने वाली युवती, उसकी मां और दो युवतियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट लिखाई है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले दो साल से उसकी पत्नी को उसकी सहेली अपने साथ रहने को मजबूर कर रही थी। इसमें उसकी मां और शेरगढ़ इलाके के एक गांव की दो युवतियों ने भी साथ दिया। युवक रुद्रपुर में नौकरी करता हैं। उनके नौकरी पर जाने के बाद आरोपी उसकी पत्नी को बुलाकर अपने घर ले जाते थे। उससे अलग रहने को मजबूर करते थे। मना करने पर पत्नी के साथ मारपीट करते थे। उसका मोबाइल भी गायब कर दिया था। पत्नी को युवती से लगाव हो गया था, जिसका वे फायदा उठाती थीं। इनसे तंग आकर बृहस्पतिवार को पत्नी ने फंदा लगाकर जान दे दी।
इसे भी पढ़ें-किराएदार ही निकला चोर, पुलिस ने एक आरोपी किया गिरफ्तार, चोरी के जेवर बरामद
सीओ बोले- तहरीर के आधार पर दर्ज किया केस
युवक के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम वह रुद्रपुर से घर लौटा तो पत्नी की लाश फंदे पर लटकी थी। उसने तुरंत चौकी जाकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। बहेड़ी सीओ अरुण कुमार का कहना है कि शीशगढ़ क्षेत्र की एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। पति की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।