नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
दिल्ली मेट्रो चुनाव कार्य में लगे कर्मियों की सुगमता की खातिर मतदान और मतगणना के दिन अपने प्रारंभिक स्टेशनों से तड़के 4 बजे अपनी सेवा का परिचालन शुरू कर देगी। तड़के चार बजे से सुबह छह बजे तक सभी लाइन पर मेट्रो ट्रेन आधे-आधे घंटे के अंतराल पर चलेगी और उसके बाद पूरे दिन नियमित मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। दिल्ली पुलिस ने आम जनता और मतदाताओं के लिए मतदान अनुभव को आसान बनाने के उद्देश्य से यातायात के भी व्यापक प्रबंध किए हैं।
यह भी पढ़ें: Delhi Elections 2025 : चुनावी जंग में इकलौता ट्रांसजेंडर दे रहा इस दिग्गज को चुनौती
देर रात तक मिलेगी मेट्रो
डीएमआरसी के बयान में कहा गया, दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव और 8 फरवरी को मतगणना के दिन सभी लाइनों पर दिल्ली मेट्रो ट्रेन सेवाएं अपने प्रारंभिक स्टेशनों से सुबह चार बजे शुरू होंगी ताकि चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी इस सुविधा का लाभ उठा सकें। इसके अलावा, चुनाव ड्यूटी के बाद देर से लौटने वाले चुनाव अधिकारियों/कर्मचारियों की सुविधा के लिए, सभी लाइनों पर अंतिम मेट्रो सेवाएं भी 5 और 6 फरवरी की मध्यरात्रि तक बढ़ा दी जाएंगी। रेड लाइन पर मेट्रो सेवा का समय रात 11 बजे से बढ़ाकर 12 बजे कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें:Delhi Election 2025: चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा एक्शन, मनोज गर्ग 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित
ये रहेग शेड्यूल
येलो लाइन के मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम से समयपुर बादली तक रात 11 बजे से 11:30 बजे तक और समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम तक रात 11 बजे से पौने बारह बजे तक मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी। ब्लू लाइन पर मेट्रो की आवाजाही का समय बढ़ाकर रात 11 बजकर 50 मिनट तक कर दिया गया है, जबकि वॉयलेट लाइन पर समय बढ़ाकर रात 12 बजे और रात 1 बजे कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात जोन-2) दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करने के लिए, दिल्ली यातायात पुलिस (जोन-2) ने द्वारका, बिजवासन, विकासपुरी, उत्तम नगर, मटियाला, पालम, राजौरी गार्डन, तिलक नगर, जनकपुरी, राजेंद्र नगर, सुल्तानपुर माजरा, देवली, महरौली, छतरपुर, संगम विहार, अंबेडकर नगर, जंगपुरा, कालका जी, तुगलकाबाद और ओखला के मतदान केंद्रों पर पार्किंग की सुविधा प्रदान करने सहित सड़कों पर उचित तैनाती की है।
5 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश
दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के दिन 5 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश शहर के सभी सरकारी और निजी क्षेत्र के कार्यालयों पर लागू होगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने कहा, "दिल्ली विधानसभा के आम चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के अधीन सभी सरकारी कार्यालयों, स्थानीय और स्वायत्त निकायों व सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में पांच फरवरी को सार्वजनिक अवकाश रहेगा।" दिल्ली विधानसभा के लिए चुनाव पांच फरवरी को होंगे और मतों की गिनती आठ फरवरी को होगी।