नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Delhi CM: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अब मुख्यमंत्री के नाम का इंतजार किया जा रहा है। भाजपा आलाकमान मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन कर रही है। सीएम पद के दावेदारों में कई दिग्गजों के नाम शामिल हैं। नई दिल्ली विधानसभा सीट ने 6 बार दिल्ली को मुख्यमंत्री दिया है। अब चर्चाएं हैं कि क्या इस बार भी नई दिल्ली सीट से ही मुख्यमंत्री मिलेगा या फिर ये परंपरा टूट जाएगी।
नई दिल्ली सीट से 7वीं बार मिलेगा मुख्यमंत्री?
मुख्यमंत्री पद की रेस में नई दिल्ली विधानसभा सीट से नवनिर्वाचित विधायक प्रवेश वर्मा का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल और शीला दीक्षित भी नई दिल्ली विधानसभा सीट से ही विधायक रहे हैं और दिल्ली के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली है। ऐसे में अगर प्रवेश वर्मा को मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपी जाती है तो दिल्ली को 7वीं बार नई दिल्ली विधानसभा से सीएम मिलेगा।
यह भी पढ़ें: Delhi Election Result: दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन ? बांसुरी स्वराज बोलीं-"शीर्ष नेतृत्व तय करेगा"
प्रवेश वर्मा के अलावा इन नामों पर चर्चा
प्रवेश वर्मा ने भाजपा के दिग्गज नेताओं से मुलाकात की है। प्रवेश वर्मा पूर्व सीएम साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं, ऐसे में उनका नाम सुर्खियों में होना लाजिमी है। उनके अलावा सतीश उपाध्याय, विजेंद्र गुप्ता और पवन शर्मा के नामों पर भी चर्चा हो रही है। भाजपा ने चुनाव के दौरान सीएम फेस का ऐलान नहीं किया था, ऐसे में अब पार्टी मुख्यमंत्री के नाम पर गहरा मंथन कर रही है।
नई दिल्ली विधानसभा और मुख्यमंत्री की कुर्सी
1998, 2003 और 2008 में कांग्रेस की शीला दीक्षित नई दिल्ली विधानसभा सीट से विधायक चुनी गईं थीं, वे 3 बार लगातार दिल्ली की मुख्यमंत्री भी बनीं। इसके बाद 2013 में अरविंद केजरीवाल, शीला दीक्षित को हराकर नई दिल्ली से विधायक बने। वे 2013, 2015 और 2020 में नई दिल्ली विधानसभा से विधायक चुने गए और मुख्यमंत्री बने। इस तरह 6 बार नई दिल्ली सीट ने राजधानी को मुख्यमंत्री दिया है। अब 2025 में प्रवेश वर्मा अरविंद केजरीवाल को हराकर प्रवेश वर्मा विधायक बने हैं। केजरीवाल को हराकर प्रवेश वर्मा एक दमदार नेता के तौर पर उभरे हैं। ऐसे में सीएम पद की रेस में प्रवेश वर्मा आगे माने जा रहे हैं और चर्चा है कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: Delhi Election: दिल्ली में कांग्रेस की दुर्दशा, 70 में से 67 प्रत्याशियों की जमानत जब्त
27 सालों बाद सत्ता में लौटी भाजपा!
प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा 27 सालों बाद सत्ता में लौटी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को 48 सीटों पर जीत हासिल हुई है, वहीं आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर सिमटकर रह गई है। वहीं कांग्रेस एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं हो पाई है।
यह भी पढ़ें: Delhi Election Result: नए मुख्यमंत्री को लेकर हलचल तेज, प्रवेश वर्मा के अलावा ये तीन नेता भी हो सकते हैं दावेदार