नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Delhi Election 2025: नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने यमुना नदी के गंदे पानी में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पुतले को डुबकी लगवाई। उन्होंने केजरीवाल का एक पुतला यमुना नदी में विसर्जित किया। वर्मा ने आईटीओ पर नदी तट के निकट पत्रकारों से कहा कि यमुना की सफाई का वादा पूरा करने में केजरीवाल की विफलता स्पष्ट हो गई है। उन्होंने कहा, "11 साल सत्ता में रहने और 8,000 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद ‘आप’ सरकार यमुना की सफाई का अपना वादा पूरा करने में विफल रही। यह दिल्ली के लोगों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है।" केजरीवाल ने दावा किया था कि वे 2025 तक यमुना को साफ कर देंगे, लेकिन स्थिति और खराब हो गई है।
यह भी पढ़ें: Republic Day 2025: आखिर प्रधानमंत्री क्यों नहीं फहराते गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा? जानिए वजह
यमुना की सफाई का वादा पूरा नहीं कर पाए केजरीवाल
प्रवेश वर्मा ने कहा, "उनके (अरविंद केजरीवाल के) पुतले को विसर्जित करके हम दिल्ली की जनता के सामने उनकी विफलता को उजागर कर रहे हैं।" दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान में ‘आप’प्रमुख ने माना था कि वह यमुना की सफाई का वादा पूरा नहीं कर पाए। अब केजरीवाल ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि दिल्ली में आप की सरकार बनने के बाद अगले दो-तीन साल में नदी साफ हो जाएगी। वर्मा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के रूप में केजरीवाल का कार्यकाल "खोखले वादों व झूठे दावों" तक सीमित रहा है।
यह भी पढ़ें: Republic Day 2025: गणतंत्र दिवस समारोह में 8 साल बाद आकर्षण का केंद्र बनेगी बिहार की झांकी, जानिए इसकी खासियत
झूठे वादों से मुक्ति का समय- प्रवेश वर्मा
उन्होंने 'आप' संयोजक पर यमुना को साफ करने की मंशा और क्षमता का अभाव होने का भी आरोप लगाया। वर्मा ने कहा, 'यमुना में उनका पुतला विसर्जित करने का यह कार्य लोगों को याद दिलाता है कि अब दिल्ली को झूठे वादों से मुक्त करने का समय आ गया है।' उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन का उद्देश्य केजरीवाल और 'आप' सरकार की 'विफलताओं' को उजागर करना और यह स्पष्ट संदेश देना है कि जब तक "झूठ और दुष्प्रचार" की राजनीति जारी रहेगी, दिल्ली की समस्याएं खत्म नहीं हो पाएंगी।
यह भी पढ़ें: Delhi Election 2025: सरकार बनने पर बौद्ध स्थलों की मुफ्त तीर्थयात्रा कराएगी कांग्रेस