/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/15/ZXPr2QgLayvughv3f3ZE.jpg)
Photograph: (Google)
Listen to this article
0.75x1x1.5x
00:00/ 00:00
नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Current weather conditions | India weather forecast | india weather news | today weather: उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में एक बार फिर से प्रचंड गर्मी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अगले पांच दिनों के लिए भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। 16 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
19 अप्रैल तक खूब सताएगी गर्मी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राजस्थान में 19 अप्रैल तक भीषण गर्मी बनी रह सकती है, खासकर 16 से 18 अप्रैल के बीच गर्मी अपने चरम पर होगी। पूर्वी राजस्थान में 15 से 19 अप्रैल तक लू चलने की आशंका है। गुजरात में 15 से 17 अप्रैल, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम मध्य प्रदेश में 16 से 18 अप्रैल के बीच लू चलेगी। वहीं, केरल और माहे में 15 अप्रैल को गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 16 से 18 अप्रैल और पूर्वी राजस्थान में 17-18 अप्रैल की रातें भी बेहद गर्म हो सकती हैं।
इन राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि होगी
मध्य भारत और महाराष्ट्र के मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) चल सकती हैं। ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड और बिहार में 18 अप्रैल तक भारी बारिश और ओले गिरने की आशंका है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश, गरज और तेज हवाएं अगले पांच दिनों तक जारी रह सकती हैं।
19 अप्रैल से ढीले पड़ेंगे सूरज के तेवर
IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले पांच से छह दिनों तक अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है, जो 18 अप्रैल तक जारी रहेगी। इसके बाद 19-20 अप्रैल को तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। मध्य भारत में 15 से 18 अप्रैल तक तापमान में 2-4 डिग्री की वृद्धि हो सकती है और फिर दो दिनों तक इसमें गिरावट दर्ज होगी। अगले पांच दिनों में आंतरिक महाराष्ट्र में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, इसके बाद दो दिनों तक इसमें कोई खास बदलाव नहीं होगा। गुजरात में भी अगले चार दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है, जबकि इसके बाद तीन दिनों में तापमान में गिरावट हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ से ओलावृष्टि की आशंका
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहे विक्षोभ की तीव्रता 18-19 अप्रैल को अधिक रहेगी। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 18 अप्रैल को तथा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 18-19 अप्रैल को ओलावृष्टि हो सकती है। दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश, बांग्लादेश और मन्नार की खाड़ी में निचले वायुमंडलीय स्तरों पर तीन चक्रवाती परिसंचरण एक साथ सक्रिय हैं। इनमें से एक परिसंचरण तेलंगाना और पश्चिम राजस्थान से लेकर दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश तक फैला हुआ है।
Advertisment