/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/24/rYIKKWwOJ9fQeltekRdm.jpg)
Photograph: (Google)
नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क। भारत के उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा समेत 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में अगले एक हफ्ते तक लू चलने और रात में भी उमस भरे मौसम की चेतावनी जारी की है।
इन राज्यों में पारा चढ़ा, लू से हाल बेहाल
बीते 24 घंटों में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्र, बिहार, ओडिशा, झारखंड और गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ में गर्म और शुष्क हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है।
यहां लू से सतर्क रहने की जरूरत
लू की चेतावनी इन राज्यों के लिए जारी की गई है: IMD के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश – 27 अप्रैल तक, पश्चिम मध्य प्रदेश – 29 अप्रैल तक, पश्चिमी राजस्थान – 24 से 29 अप्रैल तक, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल (गंगा के मैदानी क्षेत्र) – 26 अप्रैल तक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान – 25 से 29 अप्रैल, छत्तीसगढ़ – 25 अप्रैल तक, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा – 24 व 25 अप्रैल, दक्षिण और पश्चिम भारत में उमस का असर रहेगा। 24 अप्रैल को केरल और माहे, जबकि 24, 27-29 अप्रैल के दौरान दक्षिणी गुजरात में गर्म और आर्द्र मौसम बने रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हुआ नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 से 26 अप्रैल के बीच गरज के साथ बारिश ला सकता है। इसके अलावा पूर्वी बिहार और उत्तर छत्तीसगढ़ से लेकर मन्नार की खाड़ी तक बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 7 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं (40-60 किमी/घंटा) चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर 24 और 26 अप्रैल को भारी बारिश की आशंका है।
स्वास्थ्य पर असर, सावधानी जरूरी
IMD ने लोगों से अपील की है कि लू के समय घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और धूप में सीधे संपर्क से बचें। मौसम का यह मिजाज विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए खतरनाक हो सकता है।
current weather conditions | weather alerts | india weather forecast | imd weather forecast today | india weather news