नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। परमाणु हथियारों को लेकर स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (सिपरी) की एक नई रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के लगभग सभी 9 परमाणु शक्ति संपन्न देशों ने 2024 में अपने परमाणु हथियारों को न सिर्फ़ आधुनिक बनाया, बल्कि उनके भंडार को भी बढ़ाया है। भारत के परमाणु जखीरे में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली है।
9 देशों के पास 12,241 परमाणु हथियार
सिपरी की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि जनवरी 2025 तक दुनियाभर में करीब 12,241 परमाणु हथियार मौजूद हैं, जिनमें से लगभग 9,614 हथियार सेना के पास उपयोग के लिए तैयार स्थिति में रखे गए हैं। इन परमाणु हथियार संपन्न देशों में अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, भारत, पाकिस्तान, उत्तर कोरिया और इज़राइल शामिल हैं। इन सभी देशों ने 2024 में अपने परमाणु हथियारों को और बेहतर बनाने के साथ-साथ उनकी संख्या में भी इज़ाफा किया।
भारत ने अपने परमाणु हथियार बढ़ाए
सिपरी की इस रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत ने 2024 में अपने परमाणु हथियारों की संख्या में काफी इज़ाफा किया है और नई तरह की परमाणु मिसाइल और हथियार प्रणालियों का विकास भी जारी रखा है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने अपने परमाणु हथियारों की संख्या 2024 में 172 वॉरहेड्स से बढ़ाकर 2025 में 180 वॉरहेड्स कर दी है। इसके साथ ही, भारत आधुनिक डिलीवरी सिस्टम जैसे कैनिस्टराइज्ड मिसाइलों के विकास पर भी जोर दे रहा है।
पाकिस्तान बढ़ाएगा परमाणु हथियार
पाकिस्तान ने भी इसी दिशा में काम करते हुए परमाणु हथियारों को ले जाने वाले नए सिस्टम बनाए हैं और ऐसे हथियारों में लगने वाली सामग्री जमा करना जारी रखा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान अगले कुछ वर्षों में अपने परमाणु हथियारों की संख्या और बढ़ाने की योजना बना रहा है।
सिपरी रिपोर्ट-2025
सिपरी की यह जानकारी उसकी वार्षिक रिपोर्ट 2025 में दी गई है, जिसमें दुनिया भर में हथियारों, निरस्त्रीकरण (disarmament) और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा की स्थिति का आकलन किया गया है। रिपोर्ट में भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए सैन्य तनाव का भी ज़िक्र है। Nuclear Weapons | Nuclear Weapons India Pakistan